
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों का आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का सपना अब साकार होने जा रहा है। मप्र बोर्ड की 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार मेधावी विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर (मंगलवार) को सुबह 11 बजे भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे।
मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से 'प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना' चलाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 10 IPS अधिकारियों के तबादले संभव, ग्वालियर-सागर को मिलेंगे नए IG, ए साईं मनोहर बन सकते हैं सीएम के सलाहकार
इस योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) की कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। योजना के अंतर्गत हर मेधावी छात्र-छात्रा को लैपटॉप क्रय करने के लिए 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।