
राज्य ब्यूरो नईदुनिया, भोपाल। गृह विभाग ने शुक्रवार को राज्य पुलिस सेवा के 10 अधिकारियों को डीएसपी और सीएसपी से पदोन्नत कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर पदस्थ करने के आदेश जारी किए। भोपाल में एसीपी बिट्टू शर्मा को पदोन्नत कर पुलिस मुख्यालय में एआईजी पदस्थ किया गया है। वहीं, इंदौर के एसीपी कोतवाली विनोद कुमार दीक्षित को उज्जैन में लोकायुक्त एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के मुताबिक, प्रीतम सिंह बालरे को एसडीओपी निवास, मंडला से एआईजी, आईजी कार्यालय बालाघाट पदस्थ किया गया है। मनोहर सिंह गवली को एसडीओपी मूंदी, खंडवा से एसपी आजाक, नर्मदापुरम और बाबूलाल वर्मा को डीएसपी रेडियो मुख्यालय से एसपी रेडियो मुख्यालय, भोपाल बनाया गया है।
इसी तरह राम शंकर सिलावट को डीएसपी एटीसी, पुलिस मुख्यालय से एआईजी पुलिस मुख्यालय, भोपाल; महेंद्र रायपुरिया को सहायक सेनानी, पांचवीं वाहिनी एसएएफ, मुरैना से एआईजी, आईजी कार्यालय एसएएफ, भोपाल और ऋतुराज गुप्ता को डीएसपी क्यूडी, पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्यूडी, भोपाल पदस्थ किया गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में हर जांच अधिकारी को हर महीने निपटाने होंगे 2 केस, डीजी रख रहे सीधी नजर, मुख्यालय को देनी होगी रिपोर्ट
सत्येंद्र कुमार वर्मा को भी डीएसपी क्यूडी, पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्यूडी, पुलिस मुख्यालय, भोपाल बनाया गया है। विनोद कुमार दीक्षित को एसीपी कोतवाली, इंदौर से लोकायुक्त एसपी, उज्जैन; सतीश कुमार चतुर्वेदी को डीएसपी मंडला से एआईजी, आईजी कार्यालय सागर जोन और बिट्टू शर्मा को एसीपी जहांगीराबाद, भोपाल से एआईजी, पुलिस मुख्यालय, भोपाल पदस्थ किया गया है।