
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दुबई दौरे से ठीक पहले मध्य प्रदेश शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ प्रशासनिक सेवा के 11 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में सचिव और अपर सचिव स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित हुए हैं।
जारी नई पदस्थापना सूची के अनुसार, राज्य सरकार ने सागर संभाग के आयुक्त (कमिश्नर) अनिल सच्चर को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर वरिष्ठ अधिकारी दिलीप कुमार को सागर संभाग का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता के प्रभार में परिवर्तन किया गया है। उन्हें अब ओएसडी (OSD) सह राजस्व आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है, साथ ही उन्हें आयुक्त भू-अभिलेख का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके अलावा, ओएसडी सह श्रम आयुक्त के पद पर कार्यरत संदीप जीआर को स्थानांतरित करते हुए ओएसडी सह आयुक्त 'महिला एवं बाल विकास' नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें 'अटल बिहारी वाजपेयी बाल आरोग्य एवं पोषण मिशन' के मिशन संचालक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमुख राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव को स्थानांतरित करते हुए सचिव, राजस्व विभाग के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, आयुक्त सह संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण सतेंद्र सिंह को अब सचिव, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को आत्ममंथन की जरूरत, राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर बोले सीएम डॉ. मोहन यादव
एक अन्य पृथक आदेश में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 6 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इन अधिकारियों को विभिन्न जिलों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जिला पंचायत CEO) तथा उज्जैन में आगामी सिंहस्थ महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए अपर मेला अधिकारी के पदों पर पदस्थ किया गया है।