
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। लोक निर्माण विभाग ने डेढ़ माह बाद 14 अधीक्षण यंत्रियों को मुख्य अभियंता पद पर पदोन्नत किया है। तीन दिन पहले तक प्रभारी प्रमुख अभियंता (ईएनसी) रहे आरएल वर्मा को पदोन्नति नहीं मिली। गोपनीय प्रतिवेदन में श्रेणी सुधार के मामले को गंभीरता से लेते हुए उनका लिफाफा बंद रखा गया है।
दरअसल, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल की अध्यक्षता में अक्टूबर के पहले सप्ताह में अधीक्षण यंत्रियों की पदोन्नति के लिए बैठक हुई थी। इसमें 21 नामों पर विचार किया गया। विभिन्न जांचों के चलते सात नाम पहले ही रोक दिए गए थे।
आरएल वर्मा की गोपनीय चरित्रावली की श्रेणी में बदलाव की शिकायत सामने आने के बाद जांच शुरू हुई और पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुए। 20 नवंबर को वर्मा को प्रभारी प्रमुख अभियंता, ब्रिज एंड रोड के पद से हटाकर प्रतिनियुक्ति पर पर्यटन विकास निगम भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग में गरजे 20 बुलडोजर, पौने आठ घंटे में ढहाए जनता क्वार्टर के 599 मकान, सिर्फ एक मकान बचा
सोमवार को शालिगराम बघेल, केपीएस राणा, एआर सिंह, विविंद्र कुमार आरख, योगेंद्र सिंह बागोले, गोपाल सिंह, सुरेश चंद्र वर्मा, बीपी बौरासी, राजेश कागरा, भगवान सिंह मीणा, केशव सिंह यादव, सुरेंद्र राव गोरखेड़े, आनंद प्रकाश राणे और चंद्रपाल सिंह को मुख्य अभियंता पद पर पदोन्नत किया गया। कुछ की पदस्थापना में जल्द बदलाव भी संभव है।