
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चौक बाजार में आपात स्थिति में आग बुझाने के लिए करीब 10 साल पहले नगर निगम ने 22 लाख रुपये खर्च कर अंडरग्राउंड फायर हाइड्रेंट सिस्टम तो लगा दिया, लेकिन उसे चालू रखने की जिम्मेदारी निभाना भूल गया। आज हालात यह हैं कि हाइड्रेंट बंद पड़े हैं, उनमें इस्तेमाल होने वाले पाइप गायब हैं और जिन स्थानों पर आपात स्थिति में तुरंत पहुंचकर आग बुझाने की तैयारी होनी चाहिए, वहां व्यापारियों ने सामान जमा रखा है।
दूसरी ओर, दुकानों के सात से आठ फीट बाहर तक सड़क पर फैला सामान और दुकानों के सामने खड़े दोपहिया वाहन बाजार के रास्तों को और संकरा कर रहे हैं। नतीजा यह कि आम दिनों में राहगीरों का निकलना मुश्किल है और आग लगने पर दमकल की पहुंच भी बुरी तरह बाधित हो सकती है।
पुराने भोपाल के चौक बाजार की गलियां पहले ही इतनी संकरी हैं कि दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन सकता है। इसी समस्या से निपटने के लिए अंडरग्राउंड फायर हाइड्रेंट सिस्टम लगाया गया था, ताकि दमकल वाहन दूर रहने पर भी नजदीकी पाइंट से पानी लेकर आग बुझाई जा सके। लेकिन मौके पर हाइड्रेंट बंद पड़े हैं और पाइप तक गायब हैं। इनके आसपास सामान जमा होने से पहुंच भी बाधित होती है।
चौक बाजार में अतिक्रमण ने स्थिति और गंभीर कर दी है। दुकानदारों ने दुकान की सीमा से सात से आठ फीट बाहर तक सामान फैला रखा है। दुकानों के सामने दोपहिया वाहन खड़े होने से बची हुई सड़क भी घिर जाती है। राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। लेकिन इसका सबसे खतरनाक पहलू आग जैसी आपात स्थिति में सामने आएगा।
संकरी गलियों में पहले से फैला सामान और खड़े वाहन दमकल की आवाजाही रोक सकते हैं। ऐसे में आग पर शुरुआती मिनटों में काबू पाने की संभावना कमजोर पड़ सकती है और लपटें आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
न्यू मार्केट में हाल ही में लगी आग ने राजधानी के बाजारों की अग्नि सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। न्यू मार्केट में आगजनी की घटना के दौरान अतिक्रमण की वजह से दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लग गया था, जिससे आग ने आसपास की अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया था। इसके बावजूद चौक बाजार में बंद हाइड्रेंट, गायब पाइप और सड़कों पर कब्जे की स्थिति बताती है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती कितनी जरूरी है।
घनी दुकानों वाले बाजारों में आग बुझाने के इंतजाम सिर्फ कागजों और बजट तक सीमित नहीं रह सकते। हाइड्रेंट की नियमित जांच, पानी के दबाव का परीक्षण, पाइप की उपलब्धता और दमकल के लिए रास्ता खुला रखना बुनियादी जरूरतें हैं।
यह भी पढ़ें- डाक विभाग की GDS भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा, 36% चयनितों को मिले 10th में 100% अंक, CBI जांच में खुला सच