
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के बैरागढ़ कलां में 35 वर्षीय रैपिडो चालक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा है - 'मां मुझे माफ कर देना, मैं जीवन में कुछ नहीं कर सका।' हालांकि, उसने किसी पर आरोप नहीं लगाए हैं।
नितेश प्रताप सिंह मूलतः उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी। वह पत्नी और पांच महीने की बेटी के साथ भोपाल में रहकर रैपिडो बाइक चलाता था। बुधवार रात आठ से नौ बजे के बीच उसने घर में फांसी लगा ली। पड़ोस में रहने वाले परिचित सुमित शर्मा ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
नितेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसका मझला भाई सेना में है। स्वजन उत्तर प्रदेश से भोपाल पहुंचे और पीएम के बाद शव अपने साथ ले गए। पुलिस ने सुसाइड नोट और मोबाइल जब्त किया है। खुदकुशी की वजह जानने के लिए स्वजनों के बयान और मोबाइल की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के बजाय अब जबलपुर में शक्ति प्रदर्शन करेगी एमपी कांग्रेस, 26 नवंबर को शुरू होगा वोट रक्षक अभियान