
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के 35 हजार से अधिक कोटवार राजस्व विभाग की वर्दी व्यवस्था से नाराज हैं। ठेकेदारों के माध्यम से दी जा रही वर्दी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शनिवार को आजाद कोटवार संघ के बैनर तले प्रदेशभर के कोटवारों ने शाहजहांनी पार्क में प्रदर्शन किया।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष हरवीर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि वर्दी खरीदी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें बेहद घटिया गुणवत्ता की वर्दी दी जा रही है। उन्होंने वर्दी खरीदी प्रक्रिया सार्वजनिक करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
तीन साल पहले तक वर्दी खरीदने के लिए राशि दी जाती थी, लेकिन अब ठेकेदारों के माध्यम से वर्दी उपलब्ध कराई जा रही है। संघ ने इस व्यवस्था को बंद कर पारदर्शी खरीदी प्रक्रिया अपनाने की मांग की। इसके अलावा सेवा भूमि का मालिकाना हक देने के लिए स्थायी पट्टे जारी करने की मांग भी उठाई।
यह भी पढ़ें- विवाह सहायता योजना घोटाला: पूर्व सीईओ के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश, 30 करोड़ का फर्जीवाड़ा आया था सामने
उन्होंने नियमितीकरण, पदोन्नति और मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की मांग की। चार सितंबर को तिरंगा यात्रा निकालकर भी सरकार को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन मांगों पर अब तक निर्णय नहीं हुआ है।
शनिवार को प्रदर्शन के दौरान कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। बाद में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी राजेंद्र नायक को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों का स्थायी समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।