
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के मैनिट (मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में मेस का भोजन करने से विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब तीन महीने पहले जुलाई में भोजन करने से विद्यार्थी बीमार हुए थे और अब एक बार फिर से मेस का भोजन करने से फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को शिकायत मिली थी कि मैनिट के हॉस्टल नंबर 10 सीडी ब्लॉक में शुक्रवार रात को मेस का भोजन करने से करीब 40 विद्यार्थियों की अचानक से तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें उल्टी-दस्त हो रहे हैं और फूड पाइजनिंग के लक्ष्ण दिख रहे हैं, जिससे सभी विद्यार्थियों को शारदा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इससे टीम ने शनिवार को हॉस्टल की मेस में भोजन तैयार करने की व्यवस्था, खाद्य पदार्थों के भंडारण व खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए कुल सात नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनमें तीन विधिक नमूने उड़द दाल, मूंगफली दाना, मोटी सेवई, चार सर्विलांस नमूने चना दाल, छोला, चावल व अरहर दाल के शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान मेस में अनेक अनियमितताएं मिली हैं। मेस बिना खाद्य कारोबार के लाइसेंस से संचालित किया जा रहा था। जबकि कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल कार्यक्रम व फास्टेक प्रशिक्षण संबंधी किसी भी तरह के अभिलेख उपलब्ध नहीं करवाया गया है।
मैनिट में पिछली बार भी भोजन करने से विद्यार्थी बीमाए हुए थे, तब भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण कर नमूने जांच के लिए भेजे थे।इस दौरान भी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने की बात जिम्मेदार अधिकारियों ने कही थी, लेकिन अब तक न तो रिपोर्ट आई और न ही किसी तरह की कार्रवाई की गई है।
17 जुलाई 2026 को मैनिट के हॉस्टल नंबर 9 व 11 की मेस में भोजन करने से विद्यार्थी बीमार हो गए थे, तब भी टीम को जांच के दौरान भारी अनियमितताएं मिली थी।
13 अप्रैल 2025 को मैनिट के हॉस्टल चार में मेस का भोजन करने से करीब 15 छात्र बीमार हो गए थे। तब भी टीमों को जांच के दौरान अनियमितताएं मिली थीं।
पंचशील नगर स्थित अजा कन्या कॉलेज के हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं। छात्राओं ने दाल-चावल में इल्लियां निकलने, पानी वाली सब्जी परोसने और रसोई में गंदगी होने की शिकायत की है। वार्डन नहीं होने से व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इन समस्याओं को लेकर अजाक्स युवा छात्रसंघ के अध्यक्ष लक्ष्य भारतीय के नेतृत्व में छात्राओं ने अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया। छात्राओं ने पानी, बिजली, वाशरूम और साफ-सफाई की समस्याएं भी उठाईं। शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। छात्रसंघ ने समस्याएं दूर नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी।
टीम ने खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जांच रिपोर्ट मिलने व निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।वहीं अजा कन्या कालेज के हास्टल में भोजन में इल्ली मिलने का मामला संज्ञान में आया है, टीम भेजकर निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी। शिवराज पावक, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
मैनिट में पानी के नमूने लिए गए हैं। टीम द्वारा सर्विलेंस कर लिया गया है। इसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। डा. मनीष शर्मा, सीएमएचओ।