
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने और उनके ज्ञान का विस्तार करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा तीन दिवसीय अहमदाबाद का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह 27 सितंबर को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से 630 सदस्यीय दल को रवाना करेंगे।
इसमें लगभग 520 विद्यार्थी, 104 शिक्षक और छह नियंत्रण अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान विद्यार्थी विज्ञान केंद्र, स्टैच्यू आफ यूनिटी सहित प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों का अवलोकन करेंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में नौवीं और 10वीं के गणित एवं विज्ञान विषयों में ओलंपियाड परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 65 हजार विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी।
ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस एक्सपोजर विजिट का मौका दिया जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों को अहमदाबाद के प्रमुख शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संस्थानों का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिसका उद्देश्य उनके ज्ञान और अनुभवों को समृद्ध करना है।