
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्रों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में शासकीय स्कूलों के 7,400 मेधावी विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूटी वितरित की गई। यह पुरस्कार 12वीं बोर्ड परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर अपने-अपने स्कूलों में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रदान किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इन मेधावी बच्चों ने अपने कठिन परिश्रम से परिवार और समाज का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य सभी स्कूली बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने कहा, "यह पेट्रोल और ई-स्कूटी बच्चों के भविष्य को पंख लगाएगी और उनके सपनों को पूरा करने में मददगार साबित होगी। हमारी सरकार गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विद्यार्थियों को श्रेष्ठ सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और युवाओं से संवाद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस योजना के माध्यम से बच्चों को स्कूटी मिलने से केवल उनका आवागमन ही सुगम नहीं होता, बल्कि गांव, समाज और परिवार में उनका मान-सम्मान भी बढ़ता है। उन्होंने युवाओं के बदलते दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि आज के बच्चे केवल नौकरी के पीछे नहीं भाग रहे, बल्कि स्टार्टअप शुरू करने का भी सपना देख रहे हैं।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय बच्चों को पढ़ाई के लिए घर से बोरा (टाट-पट्टी) लेकर स्कूल जाना पड़ता था। आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज जब राज्य सरकार युवाओं और विद्यार्थियों के बीच जाकर उनसे सीधा संवाद कर रही है, तो विरोधी दलों को भी जनता के सामने आकर अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए।
संबोधन के दौरान सीएम ने कहा कि एक समय पूरे मध्य प्रदेश के सभी विभागों का कुल बजट मिलाकर 22,000 करोड़ रुपये हुआ करता था। वहीं आज अकेले स्कूल शिक्षा विभाग का बजट बढ़कर 38,000 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता में शिक्षा सबसे ऊपर है।
उन्होंने आगे कहा, 'बजट में हुई इस ऐतिहासिक वृद्धि का ही परिणाम है कि कभी पहली कक्षा में 16 प्रतिशत बच्चों के स्कूल न पहुंच पाने वाले राज्य में आज ड्रॉपआउट दर घटकर जीरो प्रतिशत पर आ गई है। इसके अलावा, सरकारी स्कूलों के बेहतर होते स्तर के कारण अब 50 प्रतिशत से अधिक बच्चे निजी स्कूलों से निकलकर सरकारी विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं।'
यह भी पढ़ें- 12वीं के टॉपर्स की बल्ले-बल्ले, सीएम मोहन यादव आज बांटेंगे 7,400 से ज्यादा स्टूडेंट्स को फ्री स्कूटर
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि वे एक अर्थशास्त्री रहे, जिन्होंने आरबीआई गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और दो बार प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की। हालांकि, जीरो बैलेंस में खाता खोलने का काम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नहीं कर पाए, बल्कि यह काम नरेंद्र मोदी जी ने किया।