
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मानसून और त्योहारों के दौरान बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भोपाल मंडल के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। 16 जुलाई से 1 सितंबर 2026 तक भोपाल मंडल होकर गुजरने वाली तीन विशेष रेलगाड़ियों के अतिरिक्त फेरों का संचालन किया जाएगा।
इससे गुना, शिवपुरी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और लंबी वेटिंग की परेशानी भी कम होगी।
रेलवे के अनुसार, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन (02199/02200) के 16 जुलाई से 29 अगस्त तक 7-7 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। वहीं सूबेदारगंज-उधना विशेष ट्रेन (04155/04156) का संचालन 16 जुलाई से 1 सितंबर तक 14-14 अतिरिक्त फेरों के साथ होगा।
यह भी पढ़ें- PM Kisan Yojana: इस दिन आ सकती है 24वीं किस्त, जानें किन किसानों को मिलेगा फायदा, ऐसे करें चेक
इसके अलावा प्रयागराज-उधना विशेष ट्रेन (04105/04106) के 9-9 अतिरिक्त फेरे 2 अगस्त से 31 अगस्त के बीच चलाए जाएंगे। ये सभी विशेष ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित मार्ग, समय, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार संचालित होंगी। चूंकि ये ट्रेनें भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती हैं, इसलिए मंडल के हजारों यात्रियों को सीधे तौर पर इसका लाभ मिलेगा।