
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक चिकन शाप के सामने शुक्रवार दोपहर गोवंश का कटा सिर मिला है। जिसके बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और करोंद मंडी पुलिस चौकी का घेराव करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
थाना क्षेत्र में बीते एक सप्ताह में गोवध की यह दूसरी घटना सामने आई है। उधर सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गोवंश के अवशेष जब्त किए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवशेषों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोवंश का कटा सिर वहां कौन छोड़कर गया।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि निशातपुरा क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति होती रहेगी। उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को इसी थाना क्षेत्र के कमल नगर में डेयरी की आड़ में कथित गौवंश वध और गौमांस तस्करी का मामला सामने आया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित, उसके बेटे और दामाद समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि प्रशासन ने अवैध डेयरी को ध्वस्त कर दिया था। पुलिस का कहना है कि ताजा मामले की जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी प्रमाणों के आधार पर की जा रही है।