
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। करवाचौथ पर झुमका खो जाने से दुखी 39 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना मिसरोद थाना क्षेत्र के सलैया की है। मृतका रेखा बाई धाकड़ के स्वजन ने बताया कि वह पिछले दो दिन से झुमका खोने की वजह से उदास थीं।
शनिवार दोपहर को उन्होंने फांसी लगाई थी। रेखा बाई के पति चाउमीन का ठेला लगाते हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है।
घटना के समय पति काम पर और दो बच्चे स्कूल गए थे। दोपहर करीब 12 बजे रेखा की पति से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। करीब दो बजे स्वजन घर लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
यह भी पढ़ें- एमपी के सरकारी कॉलेजों में पढ़ाई पर संकट, प्रोफेसर के 77% और असिस्टेंट प्रोफेसर के 55% पद खाली
धक्का देकर दरवाजा खोला तो रेखा दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिलीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मिसरोद पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।