भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि) Bhopal Dharm Samaj News:। श्री दिगंबर जैन समाज भोपाल के युवाओं का एक समूह 12 साल से अधिक समय से जिनालयों में विधान माढ़ना सजाने का काम कर रहा है। गौरतलब है कि जिनालयों में धार्मिक अनुष्ठान होने से पहले बहूत ही खूबसूरत माढ़ना सजाया जाता है, जो श्रद्धालुओं के लिए देखते ही बनता है। राजधानी भोपाल में बसे जैन समाज में विभिन्न् कलाओं में परांगत कई प्रतिभाएं हैं, जो समय-समय पर होने वाले धार्मिक आयोजन में अपनी सेवा देती हैं। इन्हीं में से एक भेल क्षेत्र के छह से आठ युवाओं का समूह आचार्य विद्यासागर माढ़ना मंडल है, जो 12 साल से धार्मिक आयोजन, विधान आदि में जाकर विधान का माढ़ना बनाने का काम कर रहा है।
इस संदर्भ में दिगंबर जैन पंचायत कमेटी के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि ग्रुप मंडल सदस्य द्वारा ही विधान माढ़ना की सामग्री स्वयं के खर्चों से खरीदी जाती है। यहां के युवाओं ने शहर में ही नहीं, बल्कि सम्मेद शिखर दिल्ली, सूरत, इंदौर सहित देश के कई शहरों के जिनालयों में विधान में माढ़ना बनाए हैं। मंडल के सदस्यों में राजू गोयल, अभय ऋषभ जैन, जितेश, बंटी, अभिषेक, संजय सिलवानी, मयंक, मनोज डब्लू, पारस, आकाश आदि शामिल हैं।
आचार्य विद्यासागर माढ़ना मंडल के राजू गोयल बताते हैं कि माढ़ना में रंगोली के अलावा अनाज जैसे रंगीन चावल का उपयोग किया जाता है। कुछ समय से राजस्थान के जयपुर से आए रत्नों का भी उपयोग होने लगा है। आचार्यश्री विद्यासागर सेवक मंडल, भेल भोपाल के आचार्यश्री का कहना है कि इंडिया नहीं, भारत बोलिए। हिंदी भाषा का इस्तेमाल करने के लिए भी जैन समाज के लोग बिल्ला लगाकर लोगों को प्रेरित करते हैं।