इंडिया केम-2026: सिंगरौली की हिंडाल्को इंडस्ट्री में ₹22 हजार करोड़ निवेश करेगा आदित्य बिड़ला ग्रुप, CM मोहन यादव की मुंबई में बड़ी बैठक
इंडिया केम 2026 में मुख्यमंत्री ने पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, रसायन और दवा निर्माण के लिए मध्य प्रदेश में उपलब्ध अवसरों पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री जेपी...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 08:02:00 AM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 08:02:00 AM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेस्को मुंबई में “इंडिया केम:2026 एडवांटेज भारत:ऐन इमर्जिंग ग्लोबल केमिकल्स हब“ कार्यक्रम में प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। सौ- जनसंपर्क विभागHighLights
- सिंगरौली में 22 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव
- भीलोसा, मध्य भारत फास्फेट और लुपिन करेंगे निवेश
- केमिकल और दवा उद्योग में निवेश की संभावनाएं
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई में उद्योगपतियों से वन टू वन चर्चा की। इस दौरान आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला व उनके पुत्र आर्यमन विक्रम बिड़ला ने मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने सिंगरौली की हिंडाल्को इंडस्ट्री में 22 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया। मुख्यमंत्री ने बिड़ला सहित अन्य उद्योगपतियों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित किया।
बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान भीलोसा इंडस्ट्रीज, मध्य भारत फॉस्फेट और लुपिन जैसी बड़ी कंपनियों ने मध्य प्रदेश में 8,900 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिया। भीलोसा इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रमेशचंद्र तेजराज जैन ने कहा कि उनकी कंपनी धार के पीएम मित्र पार्क में वस्त्र निर्माण और भैंसोला औद्योगिक क्षेत्र में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 3,750 रोजगार सृजित होंगे।
350 करोड़ की परियोजनाएं
सितारे यूनिवर्सिटी के संस्थापक डॉ. अमित सिंघल ने देवास के निकट करीब 40 एकड़ भूमि पर एआई और कंप्यूटर साइंस केंद्रित आवासीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना बताई। मध्य भारत फास्फेट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पुनीत गोपीकिशन मखारिया ने कहा, झाबुआ जिले के मेघनगर में करीब 350 करोड़ रुपये की एकीकृत उर्वरक परियोजना प्रस्तावित है।
लुपिन लिमिटेड के प्रतिनिधि केआर गुप्ता ने मुख्यमंत्री के साथ फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में निवेश और औषधि निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कंपनी 350 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की संभावनाओं पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यूपीएल, पीआई इंडस्ट्रीज, धानुका और सिंजेंटा जैसी कंपनियों से मध्य प्रदेश को विनिर्माण के लिए चुनने का आग्रह किया। साथ ही वैश्विक कंपनियों बीएएसएफ, डाऊ, अर्केमा, लैंक्सेस और मित्सुबिशी केमिकल से ‘फ्यूचर ग्रोथ केके 1 स्ट्रेटेजी’ के तहत मध्य प्रदेश की संभावनाओं का गहन आकलन करने को कहा।
पेट्रोकेमिकल्स, फर्टिलाइजर्स, दवा निर्माण में मप्र में अनेक अवसर
मुख्यमंत्री ने ‘इंडिया केम 2026’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पेट्रोकेमिकल्स, पेट्रो पॉलिमर्स, फर्टिलाइजर्स, विभिन्न रसायनों और दवाओं के निर्माण के लिए मध्य प्रदेश में अनेक अवसर हैं। मुख्यमंत्री ने इंडियन ऑयल, रिलायंस और हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स जैसी कंपनियों से बीना के आसपास पॉलिमर प्रसंस्करण और वितरण की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि एडवांस्ड पेट्रोकेमिकल और केमिकल इंडस्ट्री में शोध एवं विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये का फंड बनाया जाएगा।