
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सरकार ने अंशुमन यादव को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गुप्तवार्ता बनाया है। उनके पास एडीजी साइबर का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। अभी वह संचालक खेल एवं युवा कल्याण हैं। उनकी जगह एडीजी विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) चंचल शेखर को संचालक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि वर्तमान एडीजी इंटेलिजेंस ए साई मनोहर 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी जगह अंशुमन यादव को पदस्थ किया गया है। शासन ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यादव इसके पहले सीआरपीएफ दिल्ली में आइजी रहे हैं। उन्होंने एसपीजी और ब्यूरो आफ पुलिस रिसर्च एवं डेवलपमेंट (बीपीआरएंडडी) में सेवाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर के भागीरथपुरा में लापरवाही के चलते दूषित पानी से होती रहीं मौतें, जिम्मेदारो और नेताओं को मिली क्लीन चिट
उधर, विशेष पुलिस महानिदेशक महिला सुरक्षा अनिल कुमार को वर्तमान दायित्व के साथ स्पेशल डीजी अजाक की जिम्मेदारी भी दी गई है। स्पेशल डीजी (अजाक) आशुतोष राय भी इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। एडीजी नारकोटिक्स एवं एसटीएफ डी. श्रीनिवास वर्मा को इन जिम्मेदारियों के साथ चंचल शेखर की जगह एडीजी एसएएफ और एसआइएसएफ की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।