
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दूसरे दिन दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई। इसमें अभिनेत्री श्रीदेवी और शशि कपूर का भी नाम था, लेकिन आखिरी समय में दोनों का ही नाम हटा दिया गया। इसके पीछे इनकी मौत से जुड़े विवाद को बताया गया है। उधर कांग्रेस ने श्रीदेवी का नाम हटाए जाने का विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे सांप्रदायिकता का विरोध करती रहीं, इसी लिए भारतीय जनता पार्टी के दबाव में आकर मप्र सरकार ने उनका नाम लिस्ट में से हटा दिया।
गौरतलब है कि श्रीदेवी का शनिवार देर रात दुबई में निधन हो गया था। पहले उनकी मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट होना बताया गया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सामने आया कि श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हुई है और उनके खून में अल्कोहल के अंश भी मिले हैं। अभिनेत्री का शव अब भी दुबई में ही है, वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें भारत लाया जा सकेगा।