
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एअर इंडिया एक्सप्रेस भोपाल से तीसरे ऑपरेटर के रूप में अपनी उड़ानें शुरू करने जा रही है। कंपनी ने भोपाल से मुंबई के बीच पहली उड़ान के साथ अपना फ्लाइट ऑपरेशन शुरू करने का निर्णय लिया है।
एक जुलाई से कंपनी इस रूट पर उड़ान शुरू करेगी। कंपनी ने पिछले समर शेड्यूल में दो उड़ानों के साथ भोपाल में अपना बेस स्टेशन शुरू करने की सहमति दी थी लेकिन स्लॉट लेने के बावजूद कंपनी ने उड़ानें प्रारंभ नहीं कीं।
गुरुवार को कंपनी ने अपनी पहली मुंबई उड़ान एक जुलाई से शुरू करने की सहमति एयरपोर्ट अथॉरिटी को दी। कंपनी ने इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने इसकी पुष्टि की है। जल्द ही इस रूट पर बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी।
कंपनी इस रूट पर बोइंग विमान का संचालन करेगी। उड़ान सप्ताह के सभी सात दिन संचालित होगी। प्रस्तावित उड़ान मुंबई से भोपाल शाम 07.10 बजे पहुंचेगी। भोपाल से शाम 07.50 बजे मुंबई के लिए टेकऑफ करेगी।
यह भी पढ़ें- हवाई किराया घटाने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, अगले तीन महीने के लिए एयरपोर्ट फीस में 25% की कटौती
एअर इंडिया एक्सप्रेस समर सीजन के बीच में ही भोपाल से बेंगलुरु तक भी उड़ान शुरू कर सकता है। पिछले सीजन में कंपनी ने बेंगलुरु का स्लॉट लिया था लेकिन उड़ान प्रारंभ नहीं की। भोपाल से वर्तमान में एअर इंडिया एवं इंडिगो की उड़ानों का संचालन करता है। एअर इंडिया एक्सप्रेस तीसरे ऑपरेटर के रूप में दस्तक दे रहा है।