ऐशबाग जनता क्वार्टर में बुलडोजर के बाद बेबसी का मंजर! ईंटें बीनते दिखे बेघर, खंडहर पर बैठ खाया खाना
दोपहर के ठीक दो बजे हैं। ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर की टूटी हुई दीवारों और मलबे के ढेर के बीच अब्दुल तारीक अपनी पत्नी के साथ झुके हुए हैं। हाथों में टूटी ईंटें हैं - उम्मीद है कि इनसे कहीं कोई नई झुग्गी खड़ी कर लेंगे।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 07:48:29 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 07:48:29 PM (IST)
ऐशबाग जनता क्वार्टर में बुलडोजर के बाद बेबसी का मंजर!नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दोपहर के ठीक दो बजे हैं। ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर की टूटी हुई दीवारों और मलबे के ढेर के बीच अब्दुल तारीक अपनी पत्नी के साथ झुके हुए हैं। हाथों में टूटी ईंटें हैं - उम्मीद है कि इनसे कहीं कोई नई झुग्गी खड़ी कर लेंगे। वहीं, क्वार्टर नंबर 409 के खंडहर पर बैठी सहिमा बी मोहल्ले वालों के दिए खाने का निवाला तोड़ रही हैं, आंखों में बेबसी और सिस्टम के खिलाफ गुस्सा साफ झलक रहा है।
20 साल पुराने घर के कागज होने के बावजूद बेघर हुईं रशीदा खान बीमार पति के साथ किराये के एक कमरे में सिमटने के बाद अपने टूटे मकान को देखने पहुंची हैं। 23 नवंबर को हाउसिंग बोर्ड का बुलडोजर चलने के दूसरे दिन बुधवार को जब नवदुनिया की टीम ग्राउंड पर पहुंची, तो उजड़े आशियानों के बीच जिंदगी की जद्दोजहद का यह मंजर हर किसी को झकझोरने वाला था।
वर्षों की गृहस्थी उजड़ने के बाद अब इन परिवारों के सामने सीमित आमदनी में महंगे मकान का किराया भरने, बच्चों की पढ़ाई जारी रखने और नए सिरे से जीवन बसाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
मलबे से निकलती बेबसी की कहानियां
- दोपहर 2:06 बजे: मलबे के बीच अब्दुल तारीक अपनी पत्नी के साथ टूटी हुई ईंटें बीनते नजर आए। पूछने पर उन्होंने रुंधे गले से बताया कि 10 साल पहले दो लाख रुपये में यह मकान खरीदा था। अभी एक रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। अब ये ईंटें ले जा रहे हैं ताकि कहीं कोई झुग्गी बना सकें। ऐशबाग में साढ़े तीन हजार रुपये महीने पर एक कमरा किराये पर लिया है, जहां घर का सामान रखा है।
- दोपहर 2:15 बजे: क्वार्टर नंबर 423 के मलबे पर बैठीं रशीदा खान ने बताया कि वे यहां 20 साल से रह रही थीं। 50 हजार रुपये में घर लिया था और पूरे कागजात भी हैं, फिर भी हमें अवैध करार दे दिया गया। रशीदा के पति बीमार हैं और पूरा परिवार ऐशबाग में एक कमरे के मकान में सिमट गया है। किराया तीन हजार रुपये दे रहे हैं।
दोपहर 2:30 बजे: क्वार्टर नंबर 417 की रहवासी फहमीदा खान ने बताया कि छह से आठ हजार रुपये से कम में किराये का मकान नहीं मिल रहा। पति मजदूरी करते हैं और एक बेटी है। मजबूरी में बाग फरहत अफजा कॉलोनी में एक कमरा साढ़े तीन हजार रुपये में किराये पर लिया है।
दोपहर 2:45 बजे: क्वार्टर नंबर 409 में रहने वाली सहिमा बी अपने ही टूटे मकान के मलबे पर बैठकर खाना खा रही थीं। गुस्से और बेबसी के बीच उन्होंने बताया कि घर का सामान दूसरों के यहां रखा है, क्योंकि किराये का घर लेने की हैसियत नहीं है। लाचार पति और दिव्यांग बेटा भी वहीं हैं। यहां बैठकर राह तक रहे हैं कि कोई तो हमारी सुध ले। मोहल्ले वाले जो खाना दे रहे हैं, वही खा रहे हैं।
दोपहर 3:00 बजे: क्वार्टर नंबर 410 के शहवार खान अपने टूटे हुए मकान के सामने खड़े थे। शहवार ने बताया कि 12 साल पहले अम्मी ने तीन लाख रुपये में यह घर लिया था। चार बहनें और दो भाई हैं। आनन-फानन में घर खाली करने के कारण कई जरूरी सामान अंदर ही छूट गया था। फिलहाल नवीन नगर में पांच हजार रुपये किराये पर दो कमरों का मकान लिया है। जो वैध आवंटी हैं, उनको बोर्ड द्वारा किराया दिया जा रहा है। साथ ही 20 प्रतिशत अतिरिक्त बड़ा मकान भी देगा। बोर्ड ने ध्वस्तीकरण का टेंडर निकाला था। एजेंसी हमें साइट क्लियर करके देगी, उसके बाद वहां नए आवास बनाए जाएंगे। - गौतम सिंह, कमिश्नर, हाउसिंग बोर्ड