
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी का ऐशबाग क्षेत्र कभी अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और कभी 90 डिग्री रेलवे ओवरब्रिज के कारण खूब चर्चा में रहा है, लेकिन इन दिनों यह क्षेत्र बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। बारिश के चलते ऐशबाग थाना रोड, हॉकी स्टेडियम मार्ग, ऐशबाग कॉलोनी की मुख्य सड़क सहित जगह-जगह कीचड़ फैलने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्रीय निवासी सैय्यद जुबैर का कहना है कि पिछले वर्ष भी यही स्थिति थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी जमा होने से मच्छर पनप रहे हैं और बच्चे बीमार हो रहे हैं।
वहीं स्थानीय निवासी लॉ स्टूडेंट उजैफ अहमद ने बताया कि रात के समय गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनका अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
इधर, क्षेत्रीय पार्षद मसर्रत बाबू मस्तान ने बताया कि ऐशबाग स्टेडियम के आसपास की सड़कों की बदहाली का मुख्य कारण सीवेज लाइन और अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई है। इसके अलावा बोगदा पुल मेट्रो परियोजना के कारण लंबे समय से यातायात बंद होने से पूरे क्षेत्र का ट्रैफिक अंदरूनी सड़कों पर आ गया, जिससे सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
यह भी पढ़ें- महाकाल कोल्ड स्टोर संचालक पर 2.25 करोड़ की दाल-चना हड़पने का आरोप, कोर्ट ने दिए FIR के आदेश
उन्होंने बताया कि नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर फिलहाल सड़क निर्माण कार्य रोका गया है। बारिश समाप्त होने के बाद मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।