
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। देश के संविधान निर्माता डा भीमराव आंबेडकर की 133वीं जयंती रविवार को पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर शहर में कई स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं। बाबासाहब के अनुयायी उनकी तस्वीर, प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं। कहीं-कहीं केक काटकर बाबा साहब की जयंती मनाई जा रही है।
बाबासाहब की जयंती पर रविवार को सीएम मोहन यादव ने बोर्ड आफिस चौराहे पर पहुंचकर बाबासाहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व महापौर व भोपाल सीट से लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा समेत अनेक नेता व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने बाबासाहब के विरुद्ध साजिश रची। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने संविधान का अपमान किया। संविधान की मूल भावना बदलने का काम काग्रेस ने किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा भाजपा बाबासाहब आंबेडर की भवानाओं को समझती है, जो 60 वर्षों में नहीं हो सका, वो 10 वर्षों में काम हुए हैं। बाबासाहब की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार काम कर रही है।
बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे। उन्होंने जय भीम के नारे लगाए। इससे पहले अलग-अलग क्षेत्रों से रैलिया निकल कर बोर्ड आफिस चौराहे पर पहुंचीं। व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए पुलिस ने शनिवार रात से मार्ग परिवर्तित कर दिए थे। लोग बोर्ड आफिस न होते हुए एमपी नगर जोन-एक, शिवाजी नगर सहित अन्य क्षेत्रों में सर्विस रोड व परिवर्तित मार्गों से आवाजाही करनी पड़ रही है।
बाबा साहब की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को भी शहर में कई कार्यक्रम हुए। अनुयायियों ने रैली निकाली। तुलसी नगर स्थित आंबेडकर मैदान से रात्रि में मोमबत्ती रैली निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रात 12 बजे बोर्ड आफिस चौराहा आंबेडर जयंती प्रतिमा के समक्ष पहुंची। रैली में कई दुपहिया वाहन के साथ सैकड़ों की संख्या में विभिन्न संगठनों के लोग हाथों में बाबा साहब आंबेडर, जयभीम के झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए चले।