
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। किसान कल्याण एवं कृषि विकास वर्ष में प्रदेश सरकार पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए 178 नई एंबुलेंस खरीदने जा रही है। लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी जाने वाली इन पशु-एंबुलेंस का प्रस्ताव अगले माह कैबिनेट में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। दरअसल, पहले से संचालित 406 पशु एंबुलेंस पुरानी हो चुकी हैं। उनमें से 100 से अधिक तो पूरी तरह खराब हो जाने के कारण चलती ही नहीं हैं।
इससे पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि कई ब्लॉक में जरूरत पर फोन करने के दूसरे दिन एंबुलेंस पहुंच रही है। बता दें कि पहले चरण में खरीदी गईं 406 एंबुलेंस के लिए 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार ने दी थी, इसलिए केंद्र से फिर सहयोग के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि 178 एंबुलेंस की खरीद राज्य सरकार अपने बजट से ही करेगी।
पशुपालन एवं डेयरी संचालक डा. पीएस पटेल ने बताया कि कैबिनेट से स्वीकृति के बाद खरीदी की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। एंबुलेंस बढ़ने से समस्या हल हो जाएगी। सरकार प्रत्येक ब्लाक में दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने के प्रयास में हैं। प्रदेश में 313 विकासखंड हैं। अधिकतर में एक ही एंबुलेंस हैं।
यह भी पढ़ें- कोरबा के मदनपुर घाट में ट्रेलरों की टक्कर से घंटों फंसी एंबुलेंस, NHAI ने लापरवाह एजेंसी पर ठोका 10 लाख जुर्माना
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क भी अच्छी नहीं होने से एक एंबुलेंस प्रतिदिन चार से पांच स्थानों पर ही पहुंच पा रही है। जबकि एंबुलेंस के लिए काल सेंटर में प्रतिनिधि लगभग चार हजार फोन आते हैं। एंबुलेंस बुलाने के लिए 1962 पर काल करना होता है। बड़े पशु के लिए पशुपालकों से 150 रुपये और कुत्ता-बिल्ली आदि के लिए 300 रुपये लिया जाता है।