Annakut 2021: भेल के इस्कॉन मंदिर में भव्य ढंग से मनेगा गोवर्धन अन्नकूट महोत्सव, तैयारियां शुरू
भेल के इस्कॉन श्रीकृष्ण मंदिर में चावल, हलवे, मेवे, सब्जियां और मिठाइयों से बनाया जाएगा 21 फीट का गोवर्धन पर्वत।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 03 Nov 2021 04:49:33 PM (IST)
Updated Date: Wed, 03 Nov 2021 04:49:33 PM (IST)

Annakut 2021: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। दीपावली महापर्व के चौथे दिन सुबह दस बजे श्रीकृष्ण मंदिर-यादव सभा (इस्कॉन-भेल) बरखेड़ा, भोपाल में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव भव्य ढंग से मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिर प्रांगण में चावल, हलवा, सब्जियां, मेले, मिठाइयों व अन्य प्रसाद सामग्री से गिरिराज गोवर्धन का 21 फीट लंबा प्रतिरूप तैयार किया जाएगा। 21 फीट लंबे भव्य गोवर्धन पर्वत का प्रतिरूप बनाने में लगने वाली सामग्री भक्तों द्वारा ही बनाकर लाई जाएगी। इस अवसर पर भगवान श्री श्री राधा-गोविंददेवजी को 151 प्रकार का महाभोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि भगवान गोवर्धन को भोग चढ़ाने के लिए मंदिर आने वाले भक्त अपने घर से विभिन्न भोग आदि सामग्री बनाकर सुबह 10 बजे तक मंदिर ला सकते हैं।
भेल इस्कॉन मंदिर के प्रमुख रसानंद दास एवं यादव सभा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि सरकार द्वारा जारी कोराना गाइडलाइन का पालन करते हुए यह महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीश्री राधा-गोविंददेवजी का विशेष श्रंगार किया जाएगा। वरिष्ठ भक्तों द्वारा मंदिर परिसर में विशेष कीर्तन किया जाएगा। इस्कॉन गर्ल फोरम (आइजीएफ) की सदस्याएं कृष्ण लीला पर आधारित आठ फीट की भव्य रंगोली बनाएंगी। सुबह 11 बजे इस्कॉन भेल के प्रमुख रसानंद दास द्वारा विशेष गोवर्धन लीला कथा सुनाई जाएगी। विशेष तौर पर गो पूजन और गोमाता की महाआरती की जाएगी। कीर्तन और गिरिराज गोवर्धन परिक्रमा के बाद भंडारा प्रसाद रखा गया है। कार्तिक मास के दौरान मंदिर में रोज शाम को दामोदर अष्टकम और दीपदान रखा गया है। शुक्रवार शाम को भव्य दीपदान और कीर्तन होगा।