माओवादियों की तर्ज पर खत्म होगा ड्रग्स का नेटवर्क, MP में 500 से ज्यादा छात्र वाले संस्थानों में बनेंगी एंटी ड्रग समितियां
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए तीन वर्षीय अभियान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 09:32:33 AM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 09:32:33 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार की गई फोटो।HighLights
- 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले संस्थानों में एंटी ड्रग समितियां
- मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए
- शिक्षक, पालक, विद्यार्थी, संबंधित विभागों और पुलिस के प्रतिनिधि हाेंगे शामिल
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में माओवादी समस्या के खात्मे की तर्ज पर अगले दो-तीन वर्षों में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का पूरा नेटवर्क खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले उच्च शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग समितियां गठित की जाएंगी।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को मंत्रालय में पांचवीं राज्य स्तरीय नार्को कोआर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की बैठक में ये निर्देश दिए। समितियों में शिक्षक, पालक, विद्यार्थी, उच्च शिक्षा और सामाजिक न्याय विभाग के साथ पुलिस के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
तीन साल की कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने कहा, सभी विभाग तीन वर्षीय अभियान के लक्ष्य और कार्ययोजना बनाएंगे। कोडीनयुक्त कफ सीरप के उत्पादन-वितरण की निगरानी, लाइसेंस प्रक्रिया के एकीकरण, एफएसएल जांच रिपोर्ट 15 दिन में लेने, सूचना तंत्र मजबूत करने, प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और जब्त संपत्ति के निपटारे संबंधी अधिकार जिला स्तर तक विकेंद्रित करें। सामाजिक न्याय विभाग घोषित नशामुक्त क्षेत्रों की जानकारी कलेक्टर-एसपी को दें।
दो वर्ष में 2.74 लाख किलो मादक पदार्थ नष्ट
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्ष 2025 में 2073 प्रकरणों में 1,44,025 किलो और 30 सितंबर 2026 तक 2756 प्रकरणों में 1,30,380 किलो मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इस वर्ष 30 सितंबर तक 2986 मामलों में 4091 आरोपितों से 50,933 किलो मादक पदार्थ जब्त किए गए।
वर्ष 2025-26 में 811 शिकायतें मिलीं और ड्रग्स बनाने के 18 कारखाने पकड़े गए। एनडीपीएस के तहत वर्ष 2025 में 54 मामलों में 300 करोड़ रुपये और 2026 में 38 मामलों में 146 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई।