
भोपाल। भारत सरकार द्वारा मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में प्रदेश की चार खेल हस्तियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से नवाजा गया है। इसमें मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी के तीन खिलाड़ी निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह, पैरा केनो खिलाड़ी प्राची यादव और पूर्व हाकी खिलाड़ी चानू को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। साथ ही मप्र के युवा प्रशिषक शिवेंद्र सिंह को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने प्रदान किए। यह पहला अवसर है जब मध्यप्रदेश के तीन खिलाड़ियों और एक प्रशिक्षक को यह पुरस्कार दिए गए।
ऐश्वर्य का जन्म तीन फरवरी 2001 को मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के रतनपुर गांव में राजपूत किसान परिवार में हुआ है। ऐश्वर्य के पिता को भी शूटिंग का शौक था, इसलिए उनके घर पर पहले से बंदूकें थीं। उनके भाई भी प्रोफेशनल शूटर रहे हैं, जिसे देखकर ऐश्वर्य ने भी स्कूल के समय से ही इसमें शानदार प्रदर्शन करने का लक्ष्य बना लिया था। 22 वर्षीय ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने वर्ष 2016 में मप्र राज्य खेल अकादमी में प्रवेश लिया था।
पूरे मध्यप्रदेश को आप पर गर्व है बेटे ऐश्वर्य...
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी के कर कमलों से मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर जी को 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित होने पर बहुत-बहुत बधाई।
आपने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं असाधारण… pic.twitter.com/CnNZ0eqHLa
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 9, 2024
ऐश्वर्य भारत के एक नंबर के निशानेबाज भी रहे हैं। उन्होंने रियो और टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने अब तक कुल 25 अंतराष्ट्रीय पदक और 70 राष्ट्रीय पदक अर्जित किए। हाल ही में एशियन गेम्स-2022 चाइना में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल चार पदक अर्जित किए थे। ये भारत की ओर से किसी भी खिलाड़ी द्वारा जीतने वाले सर्वाधिक पदक रहे।
पैरा कैनो खिलाड़ी प्राची यादव मूलतः ग्वालियर की रहने वाली हैं। वह केएल-दो और वीएल-दो कैटेगरी में खेलती हैं। प्राची यादव स्नातक हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक और एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अब तक कुल सात अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में और कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भागीदारी कर चुकी हैं। पेरिस ओलंपिक के लिए भी प्राची ने पात्रता अर्जित की है। एशियन चैंपियनिशप की स्वर्ण पदक विजेता हैं। अब तक चार विश्वकप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राची से टोक्यो ओलम्पिक के पूर्व संवाद कर उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया था।
पूरे मध्यप्रदेश को आप पर गर्व है प्राची बिटिया...
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी के कर कमलों से मध्यप्रदेश की बेटी प्राची यादव को (पैरा कैनोइंग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “अर्जुन पुरस्कार” से सम्मानित होने पर बहुत-बहुत बधाई!
अपनी असाधारण खेल प्रतिभा से… pic.twitter.com/Y1cVNJEdub
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 9, 2024
भारतीय महिला टीम की दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान सुशीला चानू मूलतः मणिपुर की खिलाड़ी है, लेकिन मप्र राज्य महिला हाकी अकादमी में सुशीला चानू ने प्रशिक्षक परमजीत बरार से हाकी की बारीकियां सीखीं हैं। सुशीला आठ वर्ष तक मप्र राज्य खेल अकादमी की खिलाड़ी रहीं। उन्होंने रियो ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा दो एशियन गेम्स, एक कामनवेल्थ गेम्स और तीन एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी की खिलाड़ी सुश्री पुखरामबम सुशीला चानू को उनके अद्वितीय प्रदर्शन के लिए 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई!
आपने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के माध्यम से सम्पूर्ण विश्व में प्रदेश और देश का… pic.twitter.com/aLvPOvUhDu
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 9, 2024
ग्वालियर के शिवेन्द्र सिंह को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया है। शिवेन्द्र सिंह वर्तमान में भारतीय टीम के सहायक कोच हैं। सेंटर फार्वड के रूप में भारतीय हाकी टीम का शिवेन्द्र ने एशियन गेम्स, कामनवेल्थ गेम्स, चैम्पियन चैलेंज, सुल्तान अजलान शाह ट्राफी में प्रतिनिधित्व किया। टोक्यो ओलंपिक और एशियन गेम्स की पदक विजेता टीम के प्रशिक्षक भी रहे। वे बताते हैं कि पुरस्कार पाकर बहुत खुश हूं। उम्मीद है कि देश को अच्छे खिलाड़ी दे सकूं।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी के कर कमलों द्वारा मध्यप्रदेश के गौरव श्री शिवेंद्र सिंह जी को 'द्रोणाचार्य पुरस्कार' से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई!
आपने हॉकी के क्षेत्र में, कई प्रतिभाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में, भारत का नाम रोशन करने के लिए… pic.twitter.com/CTtlcb7VWP
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 9, 2024