
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अशोका गार्डन इलाके में आनलाइन शापिंग के दौरान एक शोरूम मैनेजर साइबर ठगी का शिकार हो गए। मोबाइल खरीदने के लिए इंटरनेट पर सर्च करते समय वह फर्जी वेबसाइट के जाल में फंस गए। ठगों ने ओटीपी हासिल कर उनके क्रेडिट कार्ड से 3 लाख 10 हजार रुपये उड़ा दिए। अशोकागार्डन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 48 वर्षीय अमित कुमार महिंद्रा सीआई आटोमोटर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
10 अप्रैल को वह नया मोबाइल खरीदने के लिए गूगल पर आनलाइन सर्च कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक आकर्षक आफर वाली वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट असली शापिंग प्लेटफार्म जैसी लग रही थी, इसलिए उन्होंने उस पर भरोसा कर लिया। मोबाइल खरीदने के लिए उन्होंने वेबसाइट से एक शापिंग एप डाउनलोड किया और आर्डर की प्रक्रिया पूरी की। इसी दौरान उनके मोबाइल पर लगातार तीन ओटीपी आए।
अमित ने इसे सामान्य वेरिफिकेशन प्रक्रिया समझते हुए तीनों ओटीपी दर्ज कर दिए। कुछ ही देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3 लाख 10 हजार रुपये कट गए। खाते से रकम निकलने का मैसेज मिलते ही उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर यूनिट में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि ठगों ने फर्जी वेबसाइट और एप बनाकर ग्राहकों को जाल में फंसाया और ओटीपी के जरिए बैंकिंग जानकारी हासिल कर रकम निकाल ली। पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब उन बैंक खातों और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है, जिनके जरिए इस बड़ी रकम को स्थानांतरित किया गया है।
यह भी पढ़ें- 1100 किमी दूर मेरठ से आकर बिलासपुर में चोरी, फोन पे ट्रांजेक्शन से खुला 'स्मार्ट चोर' का राज