
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। चुनाव आयोग ने बंगाल, असम सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। भाजपा ने जहां मंत्रियों के साथ वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रबंधन के लिए बंगाल भेजा है, वहीं कांग्रेस भी मध्य प्रदेश के अपने नेताओं की बंगाल और असम में ड्यूटी लगाने जा रही है।
पार्टी ने तय किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, ओमकार सिंह मरकाम, आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया, पूर्व मंत्री अरुण यादव और महिला कांग्रेस पदाधिकारी नूरी खान सहित अन्य पदाधिकारी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे।
मध्य प्रदेश भाजपा ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, शरदेंदु तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को बंगाल भेजा है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव भी कार्यक्रम बनाने जा रहे हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से कहा गया है कि वे भी सुविधा अनुसार समय निकालें।
आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के कार्यक्रम तैयार हो रहे हैं, तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार केंद्रीय संगठन के निर्देश पर बिहार और असम जाएंगे। प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष नूरी खान असम में समय देंगी। उनके पति रकीबुद्दीन अहमद को पार्टी ने चमरिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें- जमा कर रखे थे घरेलू सिलिंडर, महंगे दामों में कर रहा था सप्लाई, कटनी में 22 सिलिंडर जब्त