
भोपाल। बैरागढ़ एवं आसपास की 50 हजार से अधिक आबादी फाटक रोड पर बार-बार लग रहे जाम से परेशान है। अंडर ब्रिज या ओवर ब्रिज नहीं होने के कारण शवयात्राएं तक रूक जाती हैं। हर 15 मिनट में फाटक बंद हो रहा हैं, कई बार एंबुलैंस तक को रोक देना पड़ता है।
बैरागढ़ रेलवे स्टेशन पर 44 यात्री ट्रेनों का स्टापेज है। दो दर्जन से अधिक यात्री ट्रेनें यहां से क्रास होती है। बड़ी संख्या में मालगाड़ियों यहां से पास होती हैं। अधिकांश यात्री ट्रेन दिन के समय गुजरती हैं। ट्रेन क्रास होते समय फाटक को कम से 15 से 20 मिनट तक बंद किया जाता है। इस दौरान यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं फाटक के दूसरे छोर पर सीटीओ, कैलाशनगर, देवलोक कालोनी, मथाई नगर, पूजाश्री नगर, सत्यम कालोनी, कैंप नंबर 12 सहित अनेक कालोनियां हैं। इन कालोनियों में रहने वाले नागरिकों को बार-बार परेशान होना पड़ता है।
संभावित तोड़फोड़ से व्यापारी चिंतित
बार-बार जाम लगने से फाटक रोड के व्यवसाई भी बेहद परेशान हैं। वाहनों की धमाचौकड़ी से इस रोड पर दिन भर धूल मिट्टी उड़ती है। यदि ओवर ब्रिज का निर्माण हो जाए तो व्यापारियों को इस समस्या से मुक्ति मिल सकती है। पिछले दिनों लोक निर्माण विभाग ने रेलवे की सहमति से ब्रिज बनाने के लिए नपती की, लेकिन इसमें कई दुकानें टूट रही थीं।
व्यापारियों ने ब्रिज की चौड़ाई कम करने का सुझाव दिया पर विभाग कोई फैसला नहीं कर सका। वर्तमान में व्यापारी संभावित तोड़फोड़ से चिंतित हैं। इस मामले में जनप्रतिनिधियों ने भी व्यापारियों की कोई मदद नहीं की।
फाटक पर रूक जाती हैं शवयात्राएं
बैरागढ़ विश्रामघाट फाटक के दूसरे छोर पर है। फाटक रोड पर आकर शवयात्राओं को भी रोक देना पड़ता है। कई बार तो लगातार ट्रेनों की आवाजाही होने से फाटक 40 मिनट तक बंद रहता है। ऐसे में वाहन चालकों के साथ ही शवयात्रा में शामिल होने जा रहे लोगों की बड़ी फजीहत होती है।
ओवरब्रिज बनाने के लिए रेल सुविधा संघर्ष समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी एवं ओवरब्रिज बनाओ निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष दौलतसिंह चौहान ने काफी प्रयास किए। समितियों के प्रयास अब भी जारी हैं, लेकिन जनता के चुने हुए नुमाइंदे खामोश हैं। रेल सुविधा संघर्ष समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि चुनाव के बाद इस मांग को लेकर नए सिरे से प्रयास किए जाएंगे।