नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को देशभर में बैंक अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर रहे। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीवी) के आह्वान पर भोपाल के एमपी नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स में पीएनबी के पास 5000 से अधिक बैंककर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने 5-डे बैंकिंग लागू करने और बैंककर्मियों के स्वास्थ्य व सम्मान से समझौता नहीं करने के नारे लगाए।
हड़ताल का नेतृत्व यूएफबीयू संयोजक संजीव कुमार मिश्रा, मध्यप्रदेश अध्यक्ष सुबीन सिन्हा, सेक्रेटरी दिनेश झा और एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन भोपाल सर्कल के अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव ने किया।
नेताओं ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग केवल कर्मचारियों की सुविधा नहीं, बल्कि बेहतर ग्राहक सेवा, जोखिम प्रबंधन और स्वस्थ कार्य संस्कृति के लिए भी जरूरी है।
दो साल से केंद्र की मंजूरी का इंतजार
यूएफबीयू के अनुसार 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के साथ हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें जाइंट नोट में पांच दिवसीय बैंकिंग पर सहमति बनी थी।
प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया, लेकिन दो साल से अधिक समय बाद भी वित्त मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली। प्रस्ताव के अनुसार शनिवार की छुट्टी के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोज 40 मिनट अतिरिक्त काम करना होगा।
पीएलआई स्कीम पर भी विरोध
यूनियनों ने वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की नई पीएलआई गाइडलाइन पर भी आपत्ति जताई।
- आरोप है कि स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर 365 दिनों तक के बेसिक पे के बराबर पीएलआई मिल सकता है, जबकि वर्कमेन और स्केल-I से III तक के कर्मचारियों के लिए अधिकतम 15 दिन का बेसिक पे डीए तय किया गया है।
- यूएफबीयू इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए बैंक के समग्र प्रदर्शन के आधार पर सभी कर्मचारियों को समान इंसेंटिव देने की मांग कर रहा है।
यूएफबीयू ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
ये बैंक रहे बंद-
-स्टेट बैंक ऑफ इंडिया
-बैंक ऑफ महाराष्ट्र
-पंजाब नेशनल बैंक
-यूको बैंक
-बैंक ऑफ बड़ौदा
-सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
-केनरा बैंक
-इंडियन ओवरसीज बैंक
-यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
-पंजाब एंड सिंध बैंक
-इंडियन बैंक
-बैंक ऑफ इंडिया
ये प्राइवेट बैंक रहे चालू -
-एचडीएफसी बैंक
-आईसीआईसीआई बैंक
-एक्सिस बैंक
-कोटक महिंद्रा बैंक
-इंडसइंड बैंक
-बैंक हड़ताल का आगे का शेड्यूल
-दूसरा चरण- 28-30 सिंतबर तक हड़ताल
-तीसरा चरण- 26 अक्टूबर से अनिश्चिच कालीन हड़ताल
पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनीकी मांग लंबे समय से लंबित है। 2015 में दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टी लागू हुई थी। मार्च-अप्रैल 2024 के बायपार्टाइट सेटलमेंट में सभी शनिवार अवकाश पर सहमति बनी, लेकिन अब तक लागू नहीं हुआ। मांग को लेकर एक दिन की हड़ताल के बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल होगी। मांग पूरी नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। -दिनेश झा, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर कन्फेडरेशन