
-लंदन अकादमी के कलाकारों की प्रस्तुति को मिले भरपूर दर्शक
भोपाल। नवदुनिया रिपोर्टर
वसंत के मौसम में नाचते-गाते लोग और पंजाबी संस्कृति को दर्शाने के साथ प्रथम विश्व युद्ध , प्रेम, त्याग और बलिदान को दर्शाता नाटक। प्यार और मां की ममता के साथ राष्ट्र भक्ति को कलाकारों ने नृत्य नाटिका उसने कहा था को प्रस्तुत किया, जिसका मंचन शुक्रवार शाम भारत भवन में हुआ। नाटक की प्रस्तुति लंदन स्थित अकादमी के कलाकारों द्वारा दी गई। नृत्य नाटक का डायरेक्शन गैरी क्लार्क, निर्माण मीरा मिश्रा कौेशिक और नाटक की कहानी लेखन चंद्रधर शर्मा गुलेरी ने किया। प्रस्तुति के दौरान भारत भवन का अंतरंग सभागार दर्शकों से भरा हुआ दिखाई दिया। नाटक में संवाद न होने बाद भी पूर्ण संवाद होता दिखाई दिया। कलाकारों का मूक अभिनय बहुत कुछ कह गया। कंटेम्परेरी डांस फार्म के साथ तैयार नाटक जिसकी प्रस्तुति एक घंटे दस मिनट की रही। कहानी के माध्यम से अमृतसर, पंजाब और प्रथम विश्व युद्ध के बारे में बताया गया है। इस कहानी का पाठ भारतीय शिक्षा में शामिल है, जिसे हर बच्चा स्कूल के दिनों में पढ़ता है।
-प्रेम, त्याग और बलिदान
नाटक की कहानी में लीला और लेहना सिंह के विश्वास और प्रेम को बताया गया। नाटक में लेहना और लीला अमृतसर की गलियों में अचानक मिलते हैं, जिसमें लीला से लेहना तीन बार टकराता है। पहली मुलाकात में लेहना और लीला एक दूसरे का परिचय करते हैं और दूसरी मुलाकात में वे एक दूसरे से कुड़माई (सगाई) के बारे में पूछते हैं। तीसरी मुलाकात में लीला की कुड़माई हो चुकी होती है और लेहना का प्यार अधूरा रह जाता है। लगभग 25 वर्ष बाद लहना सिंह अपने अफसर सूबेदार हजार सिंह के घर पहुंचता है और तब ही अचानक उसकी मुलाकात लीला से होती है। जिससे वह बचपन में प्यार करता था। कहानी में आगे लीला, लेहना सिंह से अपने पुत्र और पति की जान बचाने की भीख मांगती है। फ्रांस और बेल्जियम के युद्ध पर लेहना सिंह बोधा और हजारा सिंह की जान बचाता है और खुद अपना बलिदान कर देता है।
-मंच पर विद्या पटेल (लीला) और सुभास विमान गोरानिया(लेहना सिंह), डोम कोफी(बोधा), डेनियल हाय जोर्डन (सार्जेंट मेजर), दीपक सिंह(बजीरा), सनघए टोल्डन (सूबेदार) के किरदार में नजर आए और रिकोर्डेड संगीत श्रीरान का रहा रहा। नाटक का निर्देशन और कोरियोग्राफ गैरी क्लार्क द्वारा किया गया।