
रश्मि प्रजापति। सर्द मौसम में झील का किनारा और कानों में घुलती सुरों की मिठास शहर के कलाप्रेमियों को लंबे समय तक याद रहेगी। ठिठुरन भरी ठंड और चुभती हवाओं के बीच शहर के कला रसिकों ने गुरुवार को सुरों की जुगलबंदी का इसी अंदाज में आनंद लिया। सर्द हवाओं के बीच बांसुरी की धुन और कश्मीर के सुमधुर वाद्य संतूर की जुगलबंदी ने भारत भवन बहिरंग में खुले आसमान के नीचे सुरप्रेमियों को बांधे रखा। अवसर था बहुकला केंद्र भारत भवन के 32वें वर्षगांठ समारोह की शुभारंभ संध्या पर यहां विख्यात बांसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया और शिवकुमार शर्मा के संतूर वादन की जुगलबंदी का। जैसे यहां सुरों के इन दोनों पुरोधाओं ने अपने-अपने वाद्य साधे, तो उनके साथ कला रसिकों के दिलों की धड़कन ही रुक गई और सभी तल्लीनता से संगीत रस में डूब गए। यहां कला रसिकों ने पं. हरिप्रसाद चौरसिया और पं. शिवकुमार शर्मा की जुगलबंदी का देर तक रसास्वादन किया।
राग यमन से जुगलबंदी का शुभारंभ
संतूर के सप्त तारों और मोहन की दुलारी मुरली ने जब साजों के साथ खेलना शुरू किया, तो माहौल में ऐसी रूमानियत छा गई मानो सचमुच धरती पर शिव-हरि का मिलन हो गया हो। पुराणों और ग्रंथों में जैसे शिव-हरि के संग को मधुर बताया गया है, उसी तरह की मधुरता उनकी जुगलबंदी में भी नजर आई। संगीत संध्या की शुरुआत राग यमन से हुई। जिसमें आलाप और जोड़ पर पखावज की संगत रही। इसके बाद राग यमन में रूपक ताल और तीन ताल में भी कलाकारश्रेष्ठ ने जुगलबंदी पेश की। श्रोताओं से संवाद करते हुए दोनों ने कहा कि जैसे आप लोग हमारा इंतजार कर रहे थे, उसी तरह हम भी बहुत देर से ग्रीन रूम में आपसे मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। प्रस्तुति में तबले पर विजय घाटे, पखावज पर पं. भवानी शंकर और तानपुरे पर पंडित जी के जापानी शिष्य ताका हीरो ने संगत की।
शाम 5 बजे से ही शुरू हो गया इंतजार
शिव-हरि की दिलकश जुगलबंदी को सुनने के लिए भोपाल के रसिकजनों ने कार्यक्रम शुरू होने के 2 घंटे पहले से ही भारत भवन के बहिरंग सभागार में अपना स्थान ले लिया। कला प्रेमियों के चेहरों की खुशी उस समय देखने लायक थी, जब उद्घोषक विनय उपाध्याय ने श्रोताओं को मंच पर कलाकार द्वै के बिलकुल करीब जाकर बैठने की बात कही। मुख्य मंच के पीछे और किनारों पर खड़े कलारसिकों ने दो क्षण नहीं लगाए और पूरा मंच श्रोताओं से भर गया। भारत भवन में दो स्थानों पर विशेष प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी, जिनके माध्यम से भी काफी संख्या में दर्शक कलापुरोधाओं की प्रस्तुति का आनंद लेते दिखे। भारत भवन के बाहर से ही शिव-हरि की जुगलबंदी सुनने के लिए भोपाल के लोगों की आतुरता का अंदाजा लगाया जा सकता था। भारत भवन के बाहर खड़ी गाड़ियों की कतार मुख्यमंत्री निवास तक पहुंच गई थी।
प्रत्यय-प्रणति में दिखा रंगों का खेल
भारत भवन के वर्षगांठ समारोह के तहत गुरुवार को पुनर्रावलोकी प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया गया। एसडी शुक्ला और चंद्रेश सक्सेना की कलायात्रा पर केन्द्रित चित्र प्रदर्शनियों 'प्रत्यय' और 'प्रणति' का शुभारंभ गुरुवार को संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा ने किया। इस अवसर पर संस्कृति सचिव पंकज राग भी उपस्थित थे। एसडी शुक्ला के चित्रों की प्रदर्शनी 'प्रत्यय' में कलाकार की लंबी कला यात्रा का परिचय दिया गया है। प्रदर्शनी में शामिल करीब 200 चित्रों में चित्रकार एसडी शुक्ला ने स्कूल के समय में तैयार किए गए चित्रों को भी स्थान दिया है। प्रदर्शनी में बक्से पर चढ़ने की कोशिश करते हुए बच्चे का चित्र कला प्रेमियों को आकर्षित करता है। वहीं खुली किताब, संडे मॉर्निंग, अस्तबल में घोड़ों की रखवाली करते लोग विशेष रूप से कलारसिकों द्वारा सराहे गए। वहीं चंद्रेश सक्सेना के कला अवदान पर केन्द्रित प्रदर्शनी 'प्रणति' में उनके जीवनभर की कला यात्रा को सम्मिलित किया गया। प्रदर्शनी में करीब 250 चित्र शामिल किए गए हैं। जिसमें गांव के दृश्यों, नदियों के घाट, मंदिर जाने का रास्ता, दरिया किनारे का महल और बाजार-हाट के दृश्यों को प्रमुखता से चित्रों में स्थान दिया गया है।