दिलीप मंगतानी, भोपाल। राजधानी से देश के प्रमुख शहरों का हवाई संपर्क तो जुड़ गया है, लेकिन एयरलाइंस कंपनियों को दिल्ली, मुंबई को छोड़कर किसी भी रूट पर अपेक्षित यात्री नहीं मिल रहे हैं। सबसे बुरी स्थिति सूरत और उदयपुर रूट की है। इस रूट पर स्पाइस जेट को एक माह में एक हजार यात्री भी नहीं मिल सके हैं।
इस वर्ष भोपाल से पहली बार बंगलुरू, हैदराबाद, सूरत, उदयपुर और शिर्डी का हवाई संपर्क जुड़ा है। डायरेक्ट उड़ानें शुरू होने की बरसों पुरानी मांग पूरी होने से राजधानी के यात्री बेहद प्रसन्न नजर आ रहे थे। शुरूआत में यात्रियों ने भी उत्साह दिखाया। शिर्डी, उदयपुर एवं सूरत उड़ान को 100 फीसदी तक लोड मिला पर अब स्थिति बिगड़ने लगी है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से जारी घरेलू यात्री संख्या सूची के अनुसार भोपाल के हवाई यात्रियों को दिल्ली एवं मुंबई जाना सबसे अधिक पसंद है। भोपाल का दक्षिण भारत से कनेक्शन जुड़ने के बाद बंगलुरू एवं हैदराबाद जाने वाले यात्रियों की संख्या भी दिल्ली-मुंबई से कम है। हालांकि इन दोनों शहरों तक एयरलाइंस कंपनियों को संतोषजनक लोड मिल रहा है।
सूरत उड़ान का शेड्यूल पसंद नहीं
अप्रैल माह के आंकड़ों के अनुसार भोपाल से सूरत तक एक माह में केवल 605 यात्री रवाना हुए। सूरत से भोपाल आने वालों की संख्या 841 रही। दरअसल स्पाइस जेट की सूरत उड़ान शुरू होते समय ही कपड़ा व्यापारियों एवं नियमित यात्रियों ने इसके शेड्यूल को बदलने की मांग की थी। सूरत उड़ान भोपाल से शाम 6.55 बजे रवाना होती है। व्यापारियों का कहना है कि उड़ान को सुबह 7 से 8 बजे के बीच रवाना किया जाए। वापसी में उड़ान का समय रात्रि 8 से 9 बजे के बीच होना चाहिए ताकि वे उसी दिन वापस लौट सकें। यही स्थित उदयपुर उड़ान की है। उदयपुर उड़ान दोपहर 3.50 बजे रवाना होती है। टूर पर जाने वाले यात्रियों का कहना ै कि इससे उनका पूरा दिन खराब हो जाता है। होटल में भी एक दिन का अतिरिक्त किराया देना होता है। भोपाल से उदयपुर तक एक माह में 741 लोगों ने यात्रा की।
शिर्डी जाने का शुरूआती उत्साह नदारत
भोपाल से शिर्डी उड़ान शुरू होने से शिर्डी दर्शन जाने वाले यात्रियों ने जबर्दस्त उत्साह दिखाया। अब यह उत्साह नहीं रहा। एक माह में शिर्डी उड़ान को केवल 1196 यात्री ही मिले। जयपुर एवं रायपुर जाने वाले यात्रियों का आंकड़ा भी उत्साहजनक नहीं है।
भोपाल से यात्रियों की संख्या अप्रैल माह में
शहर यात्री रवाना हुए यात्री आए
मुंबई 18323 19267
दिल्ली 13310 13412
हैदराबाद 5634 4882
बंगलुरू 4258 4784
जयपुर 1278 1103
रायपुर 1165 1277
शिर्डी 1196 1228
उदयपुर 741 656
सूरत 605 841