भोपाल आयुर्वेद कॉलेज में 300 सीटर पीजी हॉस्टल डेढ़ साल से अटका, 25 करोड़ की योजना को भूमि का इंतजार
भोपाल के पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय में 300 सीटर पीजी हॉस्टल की योजना डेढ़ साल से अटकी है। भूमि आवंटन और पीडब्ल्यूडी एस्टीमेट का इंतजार ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 12:20:31 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 12:20:31 PM (IST)
भोपाल आयुर्वेद कॉलेज में 300 सीटर पीजी हॉस्टल डेढ़ साल से अटका। (फाइल फोटो)HighLights
- 300 सीटर पीजी हॉस्टल योजना डेढ़ साल से लंबित है।
- पुराने हॉस्टल में केवल 60 छात्रों की व्यवस्था है।
- 25 करोड़ रुपये की परियोजना में फार्मेसी भवन भी शामिल।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय में पीजी छात्रों के लिए प्रस्तावित 300 सीटर हॉस्टल की योजना डेढ़ साल से कागजों में अटकी हुई है। कॉलेज में 150-150 सीटर पीजी बायज और गर्ल्स हॉस्टल बनाने की योजना को वर्ष 2025 की साधारण सभा में मंजूरी मिली थी, लेकिन अब तक निर्माण की नींव भी नहीं रखी जा सकी है।
मंत्रालय स्तर पर लंबित है फाइल
- वर्तमान में पुराने हॉस्टल में करीब 60 छात्रों के रहने की ही व्यवस्था है, जबकि पीजी की कुल 150 सीटें हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्रों को कॉलेज के बाहर किराए के कमरों में रहना पड़ रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत 300 छात्रों के लिए आधुनिक हॉस्टल के साथ फार्मेसी भवन और इंडोर स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण किया जाना है।
पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 25 करोड़ रुपये है। सूत्रों के अनुसार हॉस्टल निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी से एस्टीमेट का इंतजार है। वहीं, भूमि आवंटन से संबंधित फाइल भी मंत्रालय स्तर पर लंबित बताई जा रही है। इसके कारण हॉस्टल निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। फार्मेसी भवन तैयार, उपकरणों का इंतजार
- दूसरी ओर प्रस्तावित योजना में शामिल फार्मेसी भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक यहां आवश्यक उपकरण नहीं पहुंच पाए हैं। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार उपकरणों की खरीदी मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कारपोरेशन लिमिटेड (एमपीपीएचएससीएल) द्वारा की जानी है।
उपकरण आने के बाद ही भवन का उपयोग पूरी तरह शुरू हो सकेगा। वहीं, इंडोर स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण कार्य वर्तमान में चल रहा है। कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या और शैक्षणिक गतिविधियों को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण सुविधा माना जा रहा है। इनका कहना है
हॉस्टल के लिए प्रस्ताव शासन स्तर पर स्वीकृत है। निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया चल रही है। भूमि आवंटन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। फार्मेसी भवन तैयार है, इसमें उपकरण एमपीपीएचएससीएल द्वारा उपलब्ध कराए जाने हैं। इंडोर स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का निर्माण भी चल रहा है। डॉ. उमेश शुक्ला, डीन, पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय।
यह भी पढ़ें- MP के आयुर्वेद छात्रों के लिए खुशखबरी: देश के 289 आयुर्वेद कॉलेजों को मिली मान्यता; प्रदेश के 21 संस्थान शामिल