
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऑनलाइन मोबाइल गेम में हारने से गुस्साए एक बीटेक छात्र ने अपने रूम पार्टनर पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों छात्र सुबह करीब पांच बजे मोबाइल गेम खेल रहे थे। इस दौरान एक छात्र लगातार दूसरे छात्र को हरा रहा था। बार-बार हार से परेशान छात्र ने अपने रूम पार्टनर से विवाद किया।
वहीं उसके विरोध के बाद आरोपित छात्र भड़क गया और उसके सीने पर चाकू से जोरदार हमला कर दिया। तभी वहां मौजूद उनके दो अन्य दोस्तों ने बीच-बचाव किया। दो दोस्त घायल को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां वह गंभीर हालत में भर्ती है। शिकायत पर एमपी नगर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित छात्र फरार है।
एमपी नगर थाना पुलिस के अनुसार रीवा निवासी शिवेंद्र त्रिपाठी (22) भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। वह रातीबड़ स्थित आईईएस कॉलेज में बीटेक का छात्र है। शिवेंद्र जोन-2 स्थित अलंकार होटल के पास किराए के मकान में अपने दोस्तों वंश, ओम द्विवेदी और लोकमणि त्रिपाठी के साथ रहता है। ये सभी छात्र भी इसी कॉलेज में पढ़ाई करते हैं।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सभी छात्र खाना खाने के बाद मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। खेल के दौरान लोकमणि लगातार हार रहा था। उसने शिवेंद्र पर चीटिंग का आरोप लगाया, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर उसने चाकू निकाल लिया और शिवेंद्र के सीने व हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
ओम व वंश ने किसी तरह से शिवेंद्र की जान बचाई। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। एसआई कुंवर सिंह ने बताया कि दोनों छात्र रीवा के रहने वाले हैं। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।