
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोलकाता/भोपाल। एंटीक सामान के सौदे के बहाने भोपाल के कारोबारी प्रेम सिंह सोलंकी को कोलकाता बुलाकर अपहरण कर लिया गया। उनके बेटे से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर कारोबारी को सकुशल मुक्त करा लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रेम सिंह को सस्ते दाम पर एंटीक सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर कोलकाता बुलाया गया था। एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट जाने के लिए कहा गया। वहां पहुंचने पर जब कोई नहीं मिला, तो वे लौटने लगे। इसी बीच, चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोककर उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गए।
बदमाशों ने प्रेम सिंह के बेटे को फोन कर धमकी दी कि रुपये नहीं मिले तो उनके पिता की हत्या कर दी जाएगी। पुलिस ने कोलकाता के वीआइपी रोड के हल्दीराम इलाके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिए हैं।
यह भी पढ़ें- जब मुश्ताक खान का अपहरण हुआ, किडनैपर्स ने मांगी थी 1 करोड़ रुपये की फिरौती, जानें क्या था वह मामला
दो बदमाशों ने पूछताछ में खुद को सीमा शुल्क विभाग का पूर्व अधिकारी बताया है। फिलहाल आरोपितों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके अंतरराज्यीय ठग गिरोह से संबंधों की जांच कर रही है।