Bhopal Crime News: लोन एप के जाल में फंसकर की थी बैरसिया के किसान ने खुदकुशी, भोपाल में भी इसी चक्कर में खत्म हो गया था एक परिवार
पीड़ित किसान द्वारा मौत से पहले बनाए वीडियो से मिला सुराग। पुलिस जांच में पता चला कि इस प्रकरण में पश्चिम बंगाल के गिरोह का हाथ है।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 20 Sep 2023 11:52:05 AM (IST)
Updated Date: Wed, 20 Sep 2023 11:52:05 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। लोन एप के माध्यम से साइबर ठगों के जाल में फंसकर जान गंवाने वाले किसान की मौत के डेढ़ माह बाद भी बैरसिया थाना पुलिस आरोपितों के बारे में सुराग नहीं लगा सकी है। किसान का पिता न्याय पाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाता फिर रहा है। पीड़ित किसान ने मौत को गले लगाने से पहले एक वीडियो भी बनाया था। बता दें कि आनलाइन लोन के लालच में फंसकर रातीबड़ थाना क्षेत्र में रहने वाले भूपेंद्र विश्वकर्मा ने अपने दो मासूम बच्चों को जहर देने के बाद पत्नी सहित फांसी लगा ली थी। देश भर में सुर्खियों में आ गए इस मामले में पुलिस छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
क्या है मामला
ग्राम बरखेड़ा बरामद में रहने वाले फूलसिंह विश्वकर्मा पेशे से किसान हैं। उनके बड़े बेटे देवनारायण विश्वकर्मा ने 31 जुलाई को फांसी लगा ली थी। देवनारायण खेती के काम में पिता का हाथ बंटाता था। उसकी पिछले वर्ष अगस्त में शादी हुई थी। उसकी एक दुधमुंही बेटी है। गरीबी के चंगुल से बाहर आने की उम्मीद में देवनारायण आनलाइन लोन देने का झांसा देकर लोगों को फंसाने वाले साइबर ठगों के जाल में फंस गया था। जालसाजों ने लोन देने का लालच देकर देवनारायण से 1, 93000 रुपये आनलाइन जमा करा लिए थे। भरोसा देने के लिए उन लोगों ने कुछ फर्जी दस्तावेज भी देवनारायण को आनलाइन भेजे थे। रुपये हड़पने के बाद ठगों ने देवनारायण से संपर्क करना ही बंद कर दिया था। धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद वह बुरी तरह तनाव में आ गया था। अंतत: उसने खुदकुशी कर ली थी।
खुदकुशी से पहले बनाया वीडियो
घटना के पहले देवनारायण ने एक वीडियो बनाया था। जिसमें उसने बोला है कि मैं देव नारायण विश्वकर्मा। यह धनी एप वालों ने मुझसे 1.93 हजार रुपए ट्रांसफर कराए हैं। लोन पास हुआ था तीन लाख रुपए का। अब कंपनी वाले रिप्लाई नहीं करते। मैने जो रकम दी है, उसके तमाम प्रमाण मेरे वाट्सएप में हैं। फोनपे हिस्ट्री में भी रकम ट्रांसफर करने के प्रमाण मिल जाएंगे। मैं मर रहा हूं...इन लोगों पर केस चलाओ। इन्हें गिरफ्तार करो। मेरा अनुरोध है कि इन लोगों पर केस लगाइये, कार्रवाई करिए मेरी मौत के बाद।
पश्चिम बंगाल में मिल रही है लोकेशन
इस मामले में बैरसिया थाना प्रभारी दिलीप जायसवाल का कहना है कि देवनारायण को रुपयों की जरूरत थी। आनलाइन सर्चिंग के दौरान वह जालसाज कंपनी के जाल में फंस गया था। तीन लाख के लोन का लालच देकर ठगों ने उससे रुपये जमा करा लिए थे। मामले की जांच चल रही है। जिन मोबाइल नंबरों से देवनारायण संपर्क में था, उनकी लोकेशन पश्चिम बंगाल की आ रही है। साइबर सेल की मदद से जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।