
Bhopal Crime News : भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में चुनाव के आते ही प्रशासन के साथ अब भोपाल पुलिस में भी तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी का नतीजा है कि रातीबड़ थाने के प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान ने अचानक से थाने विदा ले ली और अपना चार्ज थाने के एसआइ को दे दिया। आला अधिकारी को भनक लगी तो उन्होंने मामले की जानकारी ली। इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है कि आखिरकार टीआइ ने थाने से इस तरह से रवानगी क्यों ले ली। हालांकि चर्चा है कि राजनीतिक दखल के कारण उन्होंने ऐसा कदम उठाया। बता दें कि 92 सीधी भर्ती के एसआइ और वर्तमान निरीक्षक वीरेंद्र सिंह चौहान अभी 15 दिन पहले ही वीरेंद्र सिंह चौहान को जहांगीराबाद थाने से रातीबड़ थाना प्रभारी बनाया गया था। उसके बाद उन्होंने थाने में आमद देकर काम करना भी शुरू कर दिया था। उन्होंने थाने में आते ही चोरी की घटनाओं की घटना और सड़क पर खड़े होकर शराब पीने वालों पर कार्रवाई करना शुरू कर दिया,लेकिन शुक्रवार को अचानक से उन्होंने थाने से रवानगी ले ली और थाने के एसआइ मनोज दबे को थाने का प्रभार देकर विदा ले ली। इस मामले पर जब आला अधिकारियों से जानकारी लेनी चाही तो अधिकारियों ने पूरे मामले पर चुप्पी साध ली है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि थाने में राजनीतिक दखलअंदाजी ज्यादा हो रही थी कि इस कारण से निरीक्षक ने यह कदम उठाया। वीरेंद्र सिंह की गिनती शहर के शानदार पुलिस अधिकारियों में होती है।
स्थानीय नेता बना रहे थे दबाव
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन दिनों रातीबड़ क्षेत्र में स्थानीय नेताओं को ज्यादा दखल है। इस कारण पुलिस कई मामलों में खुलकर काम नहीं कर पा रही है। इसी कारण से थानाप्रभारी ने थाना से रवानगी ले ली है।