Bhopal Crime News: झाड़-फूंक के चक्कर में चली गई युवती की जान, घर में सांप ने डस लिया था
Bhopal Crime News: ग्राम कोटरा की घटना। युवती नल पर हाथ-मुंह धोने गई थी, तभी फर्शी के नीचे छिपे सर्प ने उसे डस लिया।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 16 Jul 2021 04:20:46 PM (IST)
Updated Date: Fri, 16 Jul 2021 04:20:46 PM (IST)

Bhopal Crime News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। नजीराबाद थाना इलाके के एक गांव में सुबह उठकर नल पर हाथ-मुंह धोने गई युवती को सांप में डस लिया। स्वजन उसे जहर उतारने के लिए ओझा के पास ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर युवती को बैरसिया के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। तब तक देर हो चुकी थी। चेक करने के बाद डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नजीराबाद थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि ग्राम कोटरा निवासी भारत सिंह राजपूत किसानी करते हैं। वह खेत में बने मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बेटी पूजा राजपूत घरेलू काम में मां का हाथ बंटाती थी। भारतसिंह ने घर के बाहर बाथरूम बना रखा है। वहां नल भी लगा है। पानी से कीचड़ न हो सके, इसलिए नल के नीचे फर्शी पत्थर रखा हुआ था। गुरुवार सुबह करीब सात बजे सोकर उठने के बाद पूजा हाथ-मुंह धोने के लिए नल पर पहुंची। इस दौरान पत्थर के नीचे मौजूद जहरीले सर्प ने पूजा के बाएं पैर की अंगुली और टखने में डस लिया। पैर में चुभन होने और सांप को देखकर पूजा चीखने लगी। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़े और उन्होंने सर्प को मार दिया। इसके बाद झाड़-फूंक से उपचार कराने के लिए एक ओझा के पास पहुंचे, लेकिन पूजा की हालत में सुधार नहीं होते देख ओझा ने भी हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद पूजा को बैरसिया के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने चेक करने के बाद पूजा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।