
Bhopal Crime News: नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। टीलाजमालपुरा थाना इलाके में एक मस्जिद के इमाम को हटाने की बात को लेकर बुधवार रात दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। इस दौरान एक युवक ने पिस्तौल से इमाम समर्थकों पर फायरिंग कर दी थी। झगड़े में दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का उभयपक्षीय केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग करने वाले युवक की तलाश की जा रही है।
टीला जमालपुरा थाना पुलिस के मुताबिक बैरसिया बस स्टैंड के पास स्थित छोटी मस्जिद के इमाम सैफ उल्ला को लेकर पिछले कुछ दिनों से दो पक्षों में तकरार चल रही थी। इस पक्ष उन्हें हटाना चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष सैफ उल्ला का समर्थन कर रहा था। बुधवार शाम को इस बात को लेकर इमाम के समर्थक तारिक एवं अनस उर्फ मंडी से दूसरे पक्ष के फैजान, नोमान ओर रिजवान का विवाद हो गया था। कहासुनी होने के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए थे।
इमाम को गोली मारने की धमकी दे रहे थे
रात 10 बजे फैजान, नोमान ओर रिजवान कुछ लोगों के साथ मस्जिद के सामने पहुंचे और हंगामा करने लगे। इमाम समर्थक अनस और तारिक व अन्य लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो फैजान पिस्तौल लहराते हुए इमाम को गोली मारने की धमकी देने लगा। इससे झगड़ा बढ़ गया। फैजान ने फायरिंग करना शुरू कर दी। छर्रे लगने से अनस, तारिक व एक अन्य घायल हो गया। उधर इमाम समर्थकों ने भी नोमान और रिजवान के साथ जमकर मारपीट कर दी। डीसीपी जोन-तीन, रियाज इकबाल ने बताया कि इस मामले में आरोपित रिजवान और नोमान को गिरफ्तार कर लिया है। फैजान की तलाश की जा रही है। ऐहतियात के तौर पर घटनास्थल के पास पुलिस का प्वाइंट लगा दिया गया है।