यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal Dharm Samaj News: नवंबर में इज्तिमा आयोजन की तैयारी, प्रशासन से मांगी अनुमति
आलमी तबलीगी इज्तिमा प्रबंध कमेटी के प्रतिनिधि इस संदर्भ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मुलाकात की योजना बना रहे हैं।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 03 Sep 2021 12:13:24 PM (IST)Updated Date: Fri, 03 Sep 2021 12:13:24 PM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में मुस्लिम समुदाय के प्रमुख धार्मिक समागम 'आलमी तबलीगी इज्तिमा' को इस साल नवंबर में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। प्रबंध कमेटी ने जिला प्रशासन से इज्तिमा का आयोजन करने की अनुमति मांगी है। इस संदर्भ में जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करेगा।
गौरतलब है कि भोपाल में पिछले 74 सालों से आयोजित किए जा रहे आलमी तबलीगी इज्तिमा का आयोजन बीते साल कोरोना के कारण स्थगित कर दिया था। प्रबंधन कमेटी ने ये फैसला लेकर प्रशासन को सूचित कर दिया था। अब कोरोना संक्रमण को लेकर तेजी से सुधर रहे हालात के बाद इस साल इज्तिमा आयोजन करने की तैयारी की जा रही है। नवंबर माह में होने वाले इस धार्मिक समागम के लिए प्रशासन से अनुमति के लिए पत्र भेजा गया है।
यदि प्रशासन की अनुमति मिल जाती है तो इज्तिमा का यह आयोजन चार दिन का होगा। 26, 27, 28, 29 नवंबर को ईंटखेड़ी में होने वाला ये आयोजन कोविड 19 प्रोटोकॉल और सरकार की गाइड लाइन के अनुसार आयोजित किया जाएगा। 'आलमी तबलीगी इज्तिमा' में दुनियाभर से धार्मिक विद्वान भोपाल आते हैं। इज्तिमा समापन के आखिरी दिन खास दुआ के दौरान देश दुनिया की हिफाजत, खुशहाली, सेहत और कामयाबी की दुआ की जाती है।
भोपाल में होने वाला ये धार्मिक समागम दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सम्मेलन माना जाता है। सबसे बड़ा समागम हज यात्रा और दूसरा समागम बांग्लादेश के इज्तिमा को माना जाता है। आलमी तबलीगी इज्तिमा के प्रवक्ता अतीक उल इस्लाम ने बताया कि इस साल इज्तिमा का आयोजन नवंबर माह में आयोजित करने की योजना है। इस संबंध में शासन-प्रशासन को सूचना प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्दी ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस बारे में निवेदन किया जाएगा।