
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दो दिन में ठगी के 50 मामले दर्ज हुए हैं। शुक्रवार को भी शहर के अलग-अलग थानों में 25 केस दर्ज हुए हैं। ठगों ने कहीं शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर रकम ऐंठी, तो कहीं बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों को चूना लगाया। वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन खरीदारी और मोबाइल अपडेट जैसे अलग-अलग तरीकों से भी लोगों को निशाना बनाया गया।
निवेश के नाम पर 3.35 लाख ठगेकोलार रोड निवासी लैब टेक्नीशियन चंद्रशेखर कान्हेरे (42) को फेसबुक विज्ञापन के जरिए शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया गया। वाट्सएप पर संपर्क कर निफ्टीपीडब्लूएम ऐप डाउनलोड कराया और शुरुआत में रकम निकालने देकर भरोसा जीता। बाद में 3.35 लाख रुपये जमा कराए। ऐप पर 2.82 लाख रुपये का मुनाफा दिखाकर रकम फ्रीज कर दी और निकासी के लिए 5.62 लाख रुपये और मांगे।
अवधपुरी निवासी रेलवे के सीनियर टेक्नीशियन विश्वास गोसावी को बैंक अधिकारी बनकर काल किया गया। क्रेडिट कार्ड की लिमिट 71 हजार से बढ़ाकर 1.40 लाख रुपये करने का झांसा देकर छह अंकों का कोड पूछ लिया। इसके बाद कार्ड से 69 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
कोहेफिजा निवासी मारूफ खान का मोबाइल 27 सितंबर को अचानक अपडेट होने लगा। उन्होंने फोन चार्जिंग पर छोड़ दिया। बाद में फोन रिपेयर कराने के बाद यूपीआई चालू किया तो पता चला कि अपडेट के दिन शाम 7.47 बजे खाते से 95 हजार रुपये निकल चुके थे।
अंबेडकर नगर निवासी प्रियंका चंदेल को अज्ञात व्यक्ति ने गलत पहचान बताकर झांसे में लिया और इलेक्ट्रानिक माध्यम से 1.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत में फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रानिक रिकार्ड के इस्तेमाल की आशंका भी जताई गई है।दो लोगों से 4.78 लाख की ठगीअशोका गार्डन निवासी छविंद्र ठाकुर से 30 सितंबर को अज्ञात नंबर से संपर्क कर करीब दो लाख रुपये की ठगी की गई। वहीं, मिसरोद निवासी अजय राजवैध से 2.78 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।