Bhopal Health News : समयमान वेतन देने के आदेश जारी, लेकिन 40 नर्स के नाम ही नहीं
Bhopal Health News : प्रभावित सभी नर्स ने सोमवार को डीन से मिलकर आपत्ति दर्ज कराएंगी।
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Sun, 11 Jul 2021 05:07:17 PM (IST)
Updated Date: Sun, 11 Jul 2021 05:07:17 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। गांधी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हमीदिया और सुल्तानिया अस्पताल के नर्सिंग कर्मचारियों को पहली बार समयमान वेतनमान देने के निर्देश डीन डॉ. जितेन शुक्ला ने जारी किए हैं, लेकिन इसमें 40 नर्सिंग कर्मचारियों का नाम ही नहीं है। इसको लेकर इन कर्मचारियों में काफी गुस्सा है। प्रभावित सभी नर्स ने सोमवार को डीन से मिलकर आपत्ति दर्ज कराएंगी। कर्मचारियों के मुताबिक अभी उन्हें यह जानकारी मिली है उनकी गोपनीय चरित्रावाली रिपोर्ट में पर्याप्त नंबर नहीं दिए गए हैं। इस वजह से उनका नाम वेतनमान की सूची में शामिल नहीं किया गया है। इस पर कर्मचारियों ने आरोप लगाया गया कि जानबूझकर उनका सीआर में नंबर कम किए गए हैं। बता दें कि हाल में प्रदेश भर के नर्सिंग कर्मचारियों ने उच्चस्तरीय वेतनमान, समयमान वेतनमान समेत अन्य मांगों को लेकर नौ दिन तक आंदोलन किया था। हाईकोर्ट के आदेश के परिपालन में उन्होंने हड़ताल समाप्त कर दी थी। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने समयमान वेतनमान देने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने करीब 10 महीने पहले यह वेतनमान देने के आदेश कॉलेज प्रबंधन को दिए थे। इसमें हर 10 साल में नर्सिंग कर्मचारियों को एक वेतनमान मिलना है। इसका लाभ नहीं मिलने पर हर महीने करीब पांच हजार रुपये का नुकसान संबंधित कर्मचारियों को होगा।
अधीक्षक ने कहा डीन के यहां से जारी हुई सूची
प्रभावित नर्स शनिवार को इस मामले में अधीक्षक डॉ.लोकेन्द्र दवे से मिली थीं। डॉ. दवे ने उन्हें बताया कि यह सूची उनके यहां से नहीं डीन के यहां जारी की गई है।