
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में नए घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन जारी न होने से हजारों परिवारों की रसोई का संकट गहरा गया है। फरवरी 2026 से ऑनलाइन प्रक्रिया बंद होने के कारण शहर की 46 गैस एजेंसियों के जरिए नए कनेक्शन पूरी तरह ठप पड़े हैं।
इससे अब तक छह हजार से अधिक लोग नए गैस कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। हालात का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाले घरेलू गैस सिलिंडर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं, जिससे जरूरतमंद परिवार अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाने को मजबूर हैं। गैस एजेंसियों का कहना है कि पोर्टल दोबारा शुरू होने तक नए कनेक्शन जारी करना संभव नहीं है।
सबसे अधिक परेशानी नए मकान में रहने वाले परिवारों, किराए के घर में शिफ्ट हुए लोगों, दूसरे शहरों से भोपाल आए नागरिकों और परिवार विभाजन के बाद अलग गैस कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को हो रही है। ये लोग कई महीनों से गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें यही जवाब मिलता है कि ऑनलाइन पोर्टल बंद होने के कारण फिलहाल नए कनेक्शन जारी नहीं किए जा सकते।
जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां रहने वाले परिवार सबसे अधिक प्रभावित हैं। भोपाल में तीनों तेल कंपनियों के मिलाकर पांच लाख से ज्यादा एलपीजी उपभोक्ता हैं और प्रतिदिन करीब 12 से 15 हजार गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की जाती है। इसके बावजूद नए कनेक्शन नहीं मिलने से हजारों परिवार वैकल्पिक व्यवस्था करने को मजबूर हैं।
नए कनेक्शन बंद होने का फायदा अब अवैध कारोबार करने वाले लोग उठा रहे हैं। जरूरतमंद परिवार 2,000 से 2,500 रुपये तक खर्च कर घरेलू गैस सिलिंडर खरीदने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर बिना वैध प्रक्रिया के सिलिंडर बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पिछले तीन महीनों में कार्रवाई करते हुए 1,100 से अधिक घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए हैं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। हालांकि नए एलपीजी कनेक्शन कब से शुरू होंगे, इसका निर्णय संबंधित तेल एवं गैस कंपनियों को लेना है। फिलहाल उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया दोबारा शुरू होने का इंतजार करना होगा।