Bhopal Maha Shivratri 2021: महाशिवरात्रि पर सिंधी लोक संगीत की गूंज, मेले में झूम उठे भक्त
Bhopal Maha Shivratri 2021: स्टेशन रोड स्थित उमापति महादेव मंदिर में दो दिनी मेले का शुभारंभ, संत हिरदाराम नगर में अनेक जगह प्रसाद वितरण।
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Thu, 11 Mar 2021 04:01:43 PM (IST)
Updated Date: Thu, 11 Mar 2021 04:01:43 PM (IST)

संत हिरदाराम नगर भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। महाशिवरात्रि पर संत हिरदाराम नगर में इस बार सिंधी लोक संगीत की गूंज सुनाई दी। स्टेशन रोड स्थित उमापति महादेव मंदिर में दो दिनी महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ संत हिरदाराम जी के उत्तराधिकारी संत सिद्ध भाऊ एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। इस अवसर पर उल्हासनगर से आए लोक कलाकारों ने सिंधी लोक संगीत प्रस्तुत किया।
उमापति महादेव मंदिर में पूजा अर्चना का विशेष कार्यक्रम हुआ अतिथियों ने शिव अभिषेक किया पंडित नारायण शर्मा ने वैदिक मंत्रोचार के बीच अभिषेक की रस्म अदा कराई इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी रमेश हिंगोरानी योग्य हिंगोरानी एवं मंदिर के संस्थापक भगत नथुरमल के वंशज उपस्थित थे। संत सिद्ध भाऊ एवं रामेश्वर शर्मा ने सभी को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी।
भगत पवन कुमार एवं भगत मोहन ने समा बांधा
इस अवसर पर उल्हासनगर से आए भगत पवन कुमार ने सिंधी भक्ति गीतों को स्वर देकर समां बांधा। सिंधी भगत यानी लोक संगीत की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे। शिव महिमा पर केंद्रित भजन भी पेश किए गए। भगत मोहनलाल ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रसाद वितरण किया गया। सभी के सुख समृद्धि की कामना की गई। इधर महाशिवरात्रि पर संत हिरदाराम नगर में अनेक जगह प्रसाद वितरण किया गया। मेन रोड पर सदाशिव सेवा समिति के अध्यक्ष किशोर साधवानी के नेतृत्व में बर्फानी बाबा के दर्शन भक्तों को कराए गए। विभिन्न संस्थाओं ने भी विशेष स्टाल लगाकर शिवजी का पूजन किया। पूरे दिन यहां भगवान शिवशंकर के जयकारे लगते रहे। कुछ स्थानों पर चल यात्रा भी निकली।