Bhopal Metro News: दो किलोमीटर के ट्रैक पर 30 किमी की रफ्तार से दौड़ी मेट्रो
Bhopal Metro News: मेट्रो का सोमवार शाम पांच बजे शुरू हुआ और शाम सात बजे खत्म हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो टेस्ट सफल रहा।
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Tue, 26 Sep 2023 07:37:36 AM (IST)
Updated Date: Tue, 26 Sep 2023 01:46:59 PM (IST)
HighLights
- दो घंटे तक की गई प्री टेस्टिंग
- मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वायडक्ट में शिफ्ट होगी मेट्रो
- रेलवे ट्रैक पर थर्ड रेल डीसी ट्रैक्सन सिस्टम लगाया गया है
Bhopal Metro News:भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी में सोमवार को सुभाष नगर स्थित टेस्टिंग ट्रैक पर मेट्रो को दौड़ाया गया। इस दौरान दो किलोमीटर के ट्रैक पर मेट्रो की प्री टेस्टिंग की गई। मेट्रो ट्रेन को इंजीनियर्स ने करीब दो घंटे तक टेस्ट ट्रैक पर जांचा। मेट्रो को कभी धीमी तो कभी तेज रफ्तार में दौड़ाया गया। हालांकि इस दौरान मेट्रो की सबसे अधिकतम रफ्तार 30 किमी रही। मेट्रो का सोमवार शाम पांच बजे शुरू हुआ और शाम सात बजे खत्म हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो टेस्ट सफल रहा। इसे मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सुभाष नगर डिपो से रैंप के जरिए वायडक्ट में शिफ्ट किया जाएगा। रानी कमलापति स्टेशन तक इसे चलाया गया है।
मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि रैंप से मेट्रो ट्रेन को वायडक्ट में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद सेफ्टी ट्रायल के तहत मेट्रो को सुभाष नगर डिपो से रानी कमलापति स्टेशन तक चलाया जाएगा। इस दौरान मेट्रो की रफ्तार 20 से 30 किमी तक ही रहेगी। भोपाल व इंदौर में मेट्रो का संचालन थर्ड रेल तकनीकी से किया जाना है। इससे ट्रेन रुकने के दौरान ब्रेक लगाने से जो उर्जा बेकार हो जाती थी, अब उसका भी पुर्नउत्पादन हो पाएगा। इससे भोपाल और इंदौर मेट्रो के संचालन में 40 से 45 फीसदी तक ऊर्जा की बचत होगी। इसके लिए रेलवे ट्रैक पर थर्ड रेल डीसी ट्रैक्सन सिस्टम लगाया गया है।