Bhopal MP Sadhvi Pragya Thakur ने अब महात्मा गांधी को बताया राष्ट्रपुत्र
Bhopal MP Sadhvi Pragya Thakur ने कहा कि कांग्रेस के कहने से नहीं बदलेंगे अपने सिद्धांत।
By Hemant Upadhyay
Edited By: Hemant Upadhyay
Publish Date: Sun, 20 Oct 2019 10:44:15 PM (IST)
Updated Date: Sun, 20 Oct 2019 10:51:55 PM (IST)

भोपाल।अपने बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाली भोपाल की भारतीय जनता पार्टी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने एक और बयान दिया है।
महात्मा गांधी को राष्ट्र और इस धरा का पुत्र बताया
साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर ने अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को राष्ट्र और इस धरा का पुत्र बताते हुए कहा है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए जिसने जो सराहनीय कार्य किया है, वह हमारे लिए आदरणीय होता है। हम उनका गुणगान करते हैं।
भगवान राम, शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप को भी धरा का पुत्र बताया
उन्होंने भगवान राम, शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप को भी धरा का पुत्र बताया। रेलवे स्टेशन पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कहने से हम अपने सिद्धांतों को नहीं बदलेंगे। जो अच्छा है, वह स्वीकार है और जो गलत है, वह अस्वीकार है।
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि मुझे किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्र के लिए जीती हूं और राष्ट्र के लिए ही मरती हूं। मेरे सिद्धांत राष्ट्र के लिए हैं। मेरी सांस और चेतना राष्ट्र के लिए चलती है।
सांसद प्रज्ञा पार्टी की गांधी संकल्प यात्रा में शामिल नहीं हुई
उल्लेखनीय है कि सांसद प्रज्ञा पार्टी की गांधी संकल्प यात्रा में शामिल नहीं हुई थीं। वे पहले महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को राष्ट्रभक्त बताने जैसा विवादास्पद बयान देकर सुर्खियों में रह चुकी हैं। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के पहले दिए गए बयानों पर भी राजनीतिक हलकों में खासा विवाद गहराया है। भोपाल लोकसभा चुनाव के दौरान भी उनके बयान सुर्खियों में रहे थे।