
Bhopal News: भोपाल। आमतौर पर 80-90 साल तक पहुंचते-पहुंचते लोग कर्मों का हिसाब लगाने लगते हैं। सोचते हैं कि उनकी जिंदगी के चंद ही दिन बाकी हैं, जिन्हें ऊपर वाले की बंदगी में बिताया जाए, लेकिन भोपाल में एक शख्स ने 103 साल की उम्र में निकाह कर एक बार फिर अपनी दुनिया बसा ली। दरअसल, गत शनिवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया। इसमें 103 साल के बुजुर्ग निकाह के बाद आटो से अपनी 49 साल की बेगम को घर ले जाते दिख रहे हैं। लाेगों की मुबारकबाद को वे खुशी-खुशी स्वीकार करते नजर आए।
यह वीडियो भोपाल के इतवारा में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी हबीब नजर का है। उन्हें इलाके में लोग मंझले भाई के नाम से भी जानते हैं। वीडियो एक साल पहले का है, जो बार गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रसारित हुआ है। उन्होंने नवंबर 2023 में फिरोज जहां से शादी की है। संभवत: वे मध्यप्रदेश के सबसे उम्रदराज दूल्हा हैं,जिसने उम्र के इस पड़ाव में शादी की है। हबीब नजर का कहना है कि अकेलापन दूर करने के लिए उन्होंने यह निकाह किया। हबीब भोपाल के नेता थे और उर्दू अखबार का संचालन करते थे, जो अब बंद हो चुका है। स्वतंत्रता सेनानी होने के नाते भोपाल से लेकर दिल्ली तक उनका कई बार सम्मान हो चुका है।महात्मा गांधी समेत देश के कई बड़े नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें हैं।
पहले मना किया था फिर हां कर दी...
हबीब के रिश्ते के पोते अमीर खान ने बताया कि नाना का पहला निकाह 1918 या 1920 में नासिक में हुआ था।बाद में दूसरा निकाह लखनऊ में हुआ। दोनों पत्नियों की मौत की हो गई, लेकिन कोई संतान नहीं थी। उम्र के इस पड़ाव पर उनकी देखभाल के लिए कोई नहीं था। इस कारण उन्होंने निकाह किया। गत वर्ष धर्मिक रीति-रिवाज से उनकी शादी हुई थी। अमीर ने बताया कि वीडियो प्रसारित होने के बाद मीडिया के लोग उनके घर पर पहुंच रहे हैं। वहीं फिरोज का कहना है कि उन्होंने पहले निकाह के लिए मना कर दिया था, लेकिन बाद में बुजुर्ग पति की खिदमत के लिए शादी करने का फैसला ले लिया।मैंने अपनी मर्जी से शादी की है और इस निकाह से खुश हूं।फिरोज जहां का यह भी कहना है कि हबीब इस उम्र में भी स्वस्थ हैं।उनको कोई गंभीर बीमारी नहीं है।