
Bhopal News: संत हिरदाराम नगर नवदुनिया प्रतिनिधि। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की तकनीक है इसकी मदद से देश में क्रांति आने वाली है। मिठी गोबिंदराम सभागार में अटल टिंकरिंग एंड रोबोटिक्स एआई लैब का उद्घाटन करते हुए प्रवासी भारतीय समाजसेवी डॉ शिबन वरीकू एवं डॉ. नन्ना वरीकू ने यह बात कही। यह लैब उन्हीं के सहयोग से स्थापित हुई है।
लैब में कम्प्यूटर्स, लैपटॉप्स 75 इंच के एलईडी इंटरएक्टिव पैनल, थ्री डी प्रिंटर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल मटेरियल से विद्यार्थियों को कोडिंग, आर्टिफिशल इंटेलीजेंस एवं रोबोट्स से प्रयोग करवाए जायेंगे। डॉ शिबन वरिकू अमेरिका के सुप्रसिद्ध यूरोलोजिस्ट हैं और सेवा सदन द्वारा लगाई जाने वाली निःशुल्क यूरोलोजी केम्पो में भी अपनी सेवाएं देते हैं। उन्होंने नव युवक परिषद के कई विद्यार्थियों को भी निःशुल्क शिक्षा के लिये गोद लिया हुआ है. साथ ही वे जीव सेवा संस्थान की कई कल्याणकारी योजनाओं में भी सहयोग करते हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का लाभ मिलेगा
इस अवसर पर डॉ शिबन वरिकू ने कहा कि अटल टिंकरिंग एंड रोबोटिक्स एआई लैब का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी एवं विज्ञान विषय के प्रति सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक ज्ञान को जोड़ना है जिसके माध्यम से विद्यार्थी भावी जीवन में विज्ञान विषय में कौशल प्राप्त कर पाएँगे और उनके लिए रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे. लैब में कोडिंग, रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से विद्यार्थियों को रूबरू करवाया जायेगा जो कि आज के वक्त की ज़रूरत है। देश की नई शिक्षा नीति भी इसी दिशा में बनाई गई है. कृत्रिम रूप से विकसित बौद्धिक क्षमता से कंप्यूटर सिस्टम या रोबोटिक सिस्टम बनाए जाते हैं जो तार्किक और तर्कसंगत कौशल के आधार पर चलते हैं। आशा है, लैब से विद्यार्थी लाभान्वित होंगे और उनका मस्तिष्क वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्राप्त करेगा।
संत सिद्ध भाउ ने लैब के उद्घाटन पर शुभकामनाएँ देते हुए अपने संप्रेषित संदेश में कहा कि मानव मस्तिष्क को विज्ञान के क्षेत्र में प्रयोग कर मानव जीवन को संपन्नता से पूर्ण किया जा सकता है। इस अवसर पर हीरो ज्ञानचंदानी, एसी साधवानी, केएल रामनानी, घनश्याम बूलचंदानी, महेश दयारामानी, भगवान दामानी, गोपाल गिरधानी, भगवान बाबानी, प्राचार्य अजय बहादुर सिंह, उप प्राचार्य, आशा चंगलानी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। अंकित यादव ने लैब के कई पहलुओं से अवगत कराया।