
भोपाल। लोकसभा चुनाव में भोपाल सीट से जीत के बाद पहली बार सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शनिवार को दिल्ली जाएंगी। साथ ही पीएम मोदी से भी उनकी मुलाकात होगी। इससे पहले शुक्रवार की शाम साध्वी ने रिवेरा टाउन स्थित निवास पर विशेष साधना शुरू की। शाम 7 बजे से रात 1 बजे तक चलने वाली इस साधना के दौरान साध्वी के सहयोगियों ने मिलने पहुंचे समर्थकों, कार्यकर्ताओं को निराशा हाथ लगी। उधर, लोकसभा चुनाव में भोपाल सीट से जीत दर्ज कराने के बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की व्यवस्तता बढ़ गई हैं।
शुक्रवार को साध्वी के रिवेरा टाउन स्थित निवास पर सुबह 8 बजे से लोगों का तांता लगा रहा। कड़ी धूप में एक घंटे तक इंतजार के बाद उन्होंने 11 बजे तक लोगों से मुलाकात की। इस दौरान साध्वी के गृह जिले भिंड से भी बड़ी संख्या में समर्थक व परिजन भी उनसे मिलने पहुंचे।
जनता ने राष्ट्रधर्म समझ कर भाजपा को दिया वोट
साध्वी ने कहा कि पीएम मोदी ही उनकी जीत का प्रमुख कारण है। मोदी के विजन को कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचाने का काम किया है। राष्ट्र निर्माण के लिए लड़े चुनाव में धर्म की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि जनता ने राष्ट्र धर्म को समझा और भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। साध्वी ने भोपाल के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात भी कही है।