भोपाल (राज्य ब्यूरो)। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले भोपाल में विशाल तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है। यह यात्रा विलीनीकरण शहीद स्मृति द्वार से प्रारंभ होकर शाम चार बजे कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर समाप्त होगी। यहां भव्य कार्यक्रम होगा। यात्रा में लाड़ली बहना सेना, लाड़ली बहनें, विद्यार्थी, व्यापारिक संगठन और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तिरंगा यात्रा के दौरान झंडावंदन कार्यक्रम में शामिल होकर मशाल प्रज्ज्वलन और भारत माता का पूजन करेंगे।
यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने रविवार को अपने आवास पर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जन-प्रतिनिधियों से समन्वय कर तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित रूप देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा थीम पर फूल, गुब्बारों और कपड़े से सजावट की जाएगी।
यात्रा के मार्ग के दोनों तरफ, आवास और प्रतिष्ठानों पर तिरंगे झंडे लगाए जाएंगे। यात्रा में सजी हुई गाड़ियों में झांकियों का प्रदर्शन होगा। बैठक में पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन शिवशेखर शुक्ला, कलेक्टर भोपाल आशीष सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सरकारी स्कूलों के छठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों के लिए साइकिल की राशि का वितरण गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा भेल में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यहां प्रदेश के सबसे बड़े सीएम राइज स्कूल का भूमिपूजन भी करेंगे। उन्होंने रविवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के सभी विद्यार्थियों को कार्यक्रम से वर्चुअल जोड़ने के लिए कहा है।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 अगस्त को विदिशा जिले के कुरवाई में जनदर्शन यात्रा की बेहतर तैयारी की जाए। यात्रा से समाज का हर वर्ग और संस्थाएं जुड़ें। यात्रा के बाद जनसभा होगी, जिसमें 250 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया जाएगा। उन्होंने सांची को प्रदेश की पहली सोलर सिटी बनाने के कार्य की भी समीक्षा की।